पंजाब स्थित मोगा के अंगदपुरा मोहल्ला इलाके में, एक दुकान के बाहर बैठे लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें 4 लोग घायल हो गए और 3 की हालत गंभीर है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच कर रही है.
उधर, इस घटना पर सियासत शुरू हो गई है. पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस घटना पर कहा- मोगा में गोलीबारी: 2 लोगों की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल! स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद लोगों ने अंगदपुरा मोहल्ले में कई राउंड फायरिंग की, जो पंजाब में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है. भगवंत मान जी, ज़मीनी हकीकत को समझने के लिए आपकी सरकार को और कितनी गोलीबारी की घटनाओं का इंतज़ार है?
बिट्टू ने लिखा कि अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं, जबकि आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं. आपने ‘रंगला पंजाब’ बनाने का वादा किया था, लेकिन आज लोग अपनी जान और चारों तरफ फैली अराजकता को लेकर चिंतित हैं. क्या पंजाब में अब किसी को कानून का डर नहीं रहा? इस नाकामी के लिए कौन ज़िम्मेदार है?
फाजिल्का: कांग्रेस के पूर्व MLA ने थामा अकाली दल का हाथ, सुखबीर बादल ने कराया ज्वाइन
मोगा फायरिंग पर क्या बोली शिअद?
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि मोगा में गोलीबारी, 3 लोग गंभीर रूप से घायल! स्कॉर्पियो SUV में सवार बदमाशों ने अंगदपुरा मोहल्ले में अंधाधुंध फायरिंग की! ‘गुरु द्रोही’ भगवंत मान, ज़रा एक दिन तो बता दीजिए जब पंजाब में गोलियां न चली हों!
मजीठिया ने लिखा- आपने पंजाब की हर गली में बदमाशों को पनपने दिया है, हर चौराहे पर गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं. क्या यही वह ‘रंगला पंजाब’ है जिसका वादा आपने पंजाब की जनता से किया था? पंजाब में कानून का राज कहां है?
गौरतलब है कि बीते कुछ हफ्तों में पंजाब में गोलीबारी की कई और घटनाएं सामने आ चुकीं हैं.
