श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. जडेजा ने पहली पारी में टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे किए. अब वह टेस्ट में 4,000 से ज्यादा रन और 350 से ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले यह कारनामा दिग्गज कपिल देव ने किया था.
रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में तीन विकेट चटकाए. टेस्ट क्रिकेट में अब जडेजा के नाम 351 विकेट हो गए हैं. वहीं उन्होंने 4108 रन भी बनाए हैं. अब रवींद्र जडेजा का नाम उस स्पेशल रिकॉर्ड लिस्ट में जुड़ गया है, जिसमें दुनिया के सिर्फ चार क्रिकेटर शामिल हैं.
पूर्व भारतीय दिग्गज कपिल देव ने टेस्ट में 5248 रन और 434 विकेट लिए हैं. इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज इयान बॉथम के नाम 5200 रन और 383 विकेट हैं, जबकि न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी ने 362 विकेट लिए और 4531 रन बनाए. इस रिकॉर्ड लिस्ट में चौथा नाम रवींद्र जडेजा का है, जिन्होंने 351 विकेट और 4108 रन बनाए हैं.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पांचवें भारतीय
रवींद्र जडेजा अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं. उनसे पहले अनिल कुंबले ने 619 विकेट, रविचंद्रन अश्विन ने 537 विकेट, कपिल देव ने 434 विकेट और हरभजन सिंह ने 417 विकेट झटके हैं. इसके अलावा जडेजा अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनरों में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में पहले नंबर पर श्रीलंका के रंगना हेराथ (433 विकेट) और दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी (362 विकेट) हैं.
पहली पारी में भारत को मिली 178 रनों की बढ़त
गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन श्रीलंका की टीम अपनी पहली पारी में 284 रनों पर ऑलआउट हुई. श्रीलंका ने एक समय सिर्फ 90 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद सोनल दिनुशा 100 और निरोशन डिकवेला 80 ने छठे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला. भारत ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए थे. वहीं श्रीलंका ने 284 रन बनाए हैं. इस तरह टीम इंडिया ने पहली पारी में 178 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है.
यह भी पढ़ें-
IND vs SL 1st Test: 90 पर थे 5 विकेट, फिर भी श्रीलंका ने ठोक दिए 284 रन; सोनल दिनुषा का पहला शतक
