जयपुर समेत समूचे राजस्थान में गर्मी का सितम जारी है. जयपुर में तापमान अब भी 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. भीषण गर्मी की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. दिन चढ़ते ही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है. ऐसे में नगर निगम ने शहर में ट्रैफिक सिग्नल वाले प्रमुख चौराहों पर अस्थाई शेड्स लगाने शुरू कर दिए हैं.
चौराहों पर रेड सिग्नल होने पर जिन जगहों पर लोग रुक कर इंतजार करते हैं, वहां ऊपर पर्दे लगाए जा रहे हैं ताकि सूरज की किरणें सीधे तौर पर लोगों पर ना पड़ सके. हालांकि नगर निगम ने इस साल यह काम एक महीने की देरी से शुरू किया है.
देरी के साथ ही अभी कई जगह नहीं लगे शेड्स
नगर निगम हर साल अप्रैल के दूसरे और तीसरे हफ्ते में ही चौराहों पर पर्दों के जरिए अस्थाई शेड्स लगा देता था. इस बार यह काम कल (22 मई) से शुरू किया गया है. नगर निगम ने सिर्फ देरी ही नहीं की है बल्कि शेड्स भी आधे अधूरे जगह पर ही लगाए हैं. चौराहों और तिराहों पर कुछ सड़कों को छोड़ दिया गया है.
प्रमुख चौराहों पर शेड्स लगने से लोगों को थोड़ी राहत
फिलहाल नगर निगम की ओर से कई प्रमुख चौराहों पर शेड्स लगाने की इस पहल से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है. लोगों का भी यह कहना है कि उन्हें थोड़ी राहत जरूर मिली है. हालांकि यह काम अप्रैल महीने में ही परंपरागत तौर पर हो जाना चाहिए था.
राजस्थान के लोगों को अभी गर्मी से नहीं मिलेगी निजात
मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर समेत राजस्थान के लोगों को फिलहाल इस भीषण गर्मी से निजात नहीं मिलने वाली है. अगले कई दिनों तक मौसम इसी तरह से बने रहने की संभावना है. हल्का उतार चढ़ाव जरूर देखने को मिल सकता है.
राजस्थान: जनता पर महंगाई की मार! 9 दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जयपुर में ये हैं दाम
