लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेशी दौरे से लौटने के बाद बार फिर से उनका दौरा चर्चा में है. बीजेपी ने आरोप लगाए हैं कि राहुल गांधी पर विदेशी जाकर भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश की छवि खराब कर रहे हैं. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत अब राहुल गांधी के बचाव में उतर गए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर ही सवाल उठा दिए हैं. उनका कहना है कि यदि राहुल गांधी भारत का नाम खराब कर रहे हैं तो पीएम मोदी क्या कर रहे हैं.
संजय राउत ने किया राहुल गांधी का बचाव
उन्होंने मीडिया से बातचीत में उन आरोपों को भी खारिज कर दिया, जिसमें आरोप लग हे थे कि विपक्ष विदेश जाकर देश की सुरक्षा और प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विदेश जाकर भारत का नाम खराब कर रहे हैं, तो मोदी क्या कर रहे हैं? मोदी क्या कर रहे हैं? राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं. क्या उन्हें विदेश नहीं जाना चाहिए? क्या उनके पास डिप्लोमैटिक पासपोर्ट नहीं है?”
पीएम मोदी के विदेशी यात्राओं पर सवाल
इसके बाद पीएम मोदी के विदेशी यात्राओं पर सवाल उठाए हैं और कहा कि वो विदेश जाकर देश का कोई नाम नहीं बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा, “अगर राहुल गांधी के विदेश जाने से देश का नाम खराब हो रहा है, तो मोदी को भी रोकिए. मोदी विदेश जाकर क्या देश का नाम बढ़ा रहे हैं? छोड़िए यार, छोड़िए!” राउत का कहना है कि विपक्ष के नेताओं की हर गतिविधि को संदेह की नजर से देखना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है.
मामला क्या है?
बता दें कि राहुल गांधी हाल ही में वियतनाम के दौरे से लौटे हैं. उनके वियतनाम दौरे के दौरान बीजेपी ने इसके खर्च, पासपोर्ट और उनके उद्देश्यों पर सवाल उठाए थे. उस समय संजय राउत ने ये तक कहा था कि राहुल के वियतनाम दौरे से लौटने के बाद सत्ता में परिवर्तन होगा. इस बयान को बीजेपी ने राहुल पर निशाना साधने के लिए हथियार के तौर पर इस्तेमाल भी किया था. अब इसी पर संजय राउत ने बीजेपी पर पलटवार किया है.
