महाराष्ट्र के स्कूलों में बच्चों के सबसे पसंदीदा स्नैक ‘वड़ा पाव’ की बिक्री बंद होने के बाद एक छोटे बच्चे और सीनियर आईएस अफसर (FDA कमिश्नर) तुकाराम मुंढे की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है. स्कूल की कैंटीन से वड़ा पाव गायब होने से परेशान एक बच्चे ने जब सीधे कमिश्नर साहब से ही वड़ा पाव की दुकानें फिर से खोलने की गुजारिश कर डाली, तो जवाब में आईएएस अफसर ने बच्चे को जो समझाया, उसने हर किसी का दिल जीत लिया.
दोस्त पूछ रहे हैं वड़ा पाव कब खुलेगा?
इंद्रनील अनासपुरे नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो में बच्चा बड़े ही मासूम अंदाज में तुकाराम मुंढे से पूछता है, “सर, मेरे दोस्तों ने आपसे कहा है कि हमारे स्कूल की वड़ा पाव की स्टॉल फिर से खुलवा दीजिए. अगर वो आपसे यह पूछें तो आप उन्हें क्या जवाब देंगे?” बच्चे की यह मासूमियत सुनकर अधिकारी मुस्कुरा दिए और उन्होंने बच्चे को हेल्थ और डाइट का बड़ा पाठ पढ़ा दिया.
तुकाराम मुंढे ने दिया सेहत का मंत्र
बच्चे के सवाल का जवाब देते हुए एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने कहा, “बच्चों, हमेशा पौष्टिक और अच्छा खाना खाओ. जब अच्छा खाना खाओगे, तभी शरीर मजबूत बनेगा और दिमाग तंदुरुस्त रहेगा.” उन्होंने बच्चे को समझाते हुए आगे कहा कि तेल-मसाले वाली और तली हुई चीजें खाने में तो बहुत स्वादिष्ट लगती हैं, लेकिन वे आगे चलकर सेहत को भारी नुकसान पहुंचाती हैं.
यह भी पढ़ें: स्कूटी के टकराते ही ट्रक के आगे लटक गई दीदी, जान बचाने का स्टाइल वायरल
2 करोड़ से ज्यादा बच्चों पर लागू हुआ है नियम
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने स्कूलों के अंदर और स्कूल की 50 मीटर की परिधि के भीतर वड़ा पाव, समोसे, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक्स, तली-भुनी चीजें, चॉकलेट और आइसक्रीम जैसे जंक फूड की बिक्री, प्रचार और फ्री डिस्ट्रीब्यूशन पर पूरी तरह रोक लगा दी है.
नियम का दायरा: यह सख्त आदेश राज्य भर के सभी स्कूलों पर लागू है, जिससे लगभग 2 करोड़ से अधिक स्कूली बच्चे प्रभावित हो रहे हैं.
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी: एफडीए इंस्पेक्टर साल में कम से कम दो बार हर स्कूल का दौरा करेंगे. नियम न मानने वाले स्कूलों के प्रिंसिपल और मैनेजमेंट पर सीधी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा अब स्कूल कैंटीन के लिए फूड सेफ्टी लाइसेंस भी अनिवार्य कर दिया गया है.
यूजर्स को पसंद आया अफसर का प्यारा अंदाज
सोशल मीडिया पर लोगों ने ली चुटकी, बोले- “बच्चे ने तो सबका दर्द बयां कर दिया” इंटरनेट पर यह वीडियो वायरल होते ही लोगों ने बच्चे की हिम्मत और अफसर के प्यार से समझाने के तरीके की खूब तारीफ की है. एक यूजर ने लिखा… “बच्चा पूरे महाराष्ट्र के स्कूली छात्रों का आधिकारिक प्रतिनिधि बनकर बात करने गया था.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया… “वड़ा पाव के बिना महाराष्ट्र के बच्चों का बचपन अधूरा है, लेकिन अफसर साहब की बात भी एकदम पते की है.” वहीं एक और यूजर ने कहा…”तुकाराम मुंढे सर का समझाने का अंदाज बहुत ही प्यारा था, बच्चों को ऐसे ही अच्छी आदतें सिखाई जानी चाहिए.”
यह भी पढ़ें: पीठ पर मासूम और हाथों में जिम्मेदारी, मां के जज्बे ने जीता यूजर्स का दिल
