माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रदेश में व्यापक निरीक्षण किया गया. ये निरीक्षण जम्मू पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त रूप से किया. संयुक्त टीम ने इस दौरान माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर और रास्ते की सुरक्षा का जायजा लिया और इसके अहम स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों का आकलन किया गया. उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (DIG) शिव कुमार और CRPF के DIG अवधेश पाठक ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर और कटरा से वैष्णो देवी भवन परिसर तक के रास्ते की सुरक्षा का संयुक्त रूप से जायजा लिया.
इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ CRPF की छठी बटालियन के कमांडेंट, कटरा के पुलिस अधीक्षक (SP), एसडीपीओ कटरा, एसडीपीओ भवन और CRPF व पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
टीम ने किया सुरक्षा इंतजामों का आकलन
इस संयुक्त सुरक्षा समीक्षा का मकसद मौजूदा सुरक्षा इंतजामों का आकलन करना और मंदिर तक जाने वाले पूरे रास्ते की सुरक्षा को मजबूत करना था. इस दौरान टीम ने कटरा-भवन मार्ग पर बनाए गए विभिन्न चेक पॉइंट्स और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सुगम और सुरक्षित वातावरण मिल सके.
अधिकारियों ने रास्ते के विभिन्न चेकिंग और तलाशी पॉइंट्स का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, मौजूदा चेकिंग प्रक्रियाओं की समीक्षा की. इसके अलावा अहम जगहों पर सुरक्षा इंतजामों का आकलन किया गया, जिसमें प्रभावी एक्सेस कंट्रोल, फ्रिस्किंग, चेकिंग, निगरानी और तैनात सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल पर जोर दिया गया.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर जोर
वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मियों से बातचीत की और उनकी तैयारी, सतर्कता और रिस्पॉन्स मैकेनिज्म की समीक्षा की. इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वो तय सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करें और पूरे मार्ग पर उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखें.
अधिकारियों ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जम्मू पुलिस और CRPF के बीच बेहतर तालमेल और निर्बाध संचार की आवश्यकता पर जोर दिया. इस संयुक्त समीक्षा ने मंदिर में मजबूत सुरक्षा इंतजाम, सतर्कता और सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के प्रति सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया.
