गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों के साथ दौरे पर निकली. इस दौरान वह इंदिरापुरम की 100 फुटा रोड पर पहुंची. वहां उन्हें ग्रीन बेल्ट पर सबसे अधिक अवैध कब्जा दिखा. इस दौरान अवैध कब्जे करके कमर्शियल एक्टिविटी चल रही थी. उनको उन्होंने सील किया. इस दौरान शिकायत करने पहुंचे एक शख्स पर वे भड़क गईं और मारने की धमकी दी.
दरअसल, गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल को लगातार शिकायत मिल रही थी कि इंदिरापुरम में ग्रीन बेल्ट पर अवैध रूप से कमर्शियल एक्टिविटी चल रही है. ये ग्रीन बेल्ट देश की राजधानी दिल्ली से सटी हुई है और अगर इसकी कीमत आंकी जाए तो करोड़ो में होगी. साथ ही इन पर अवैध कब्जा भी लोगों ने जमा लिया है.
ग्रीन बेल्ट में चल रहीं थी कमर्शियल एक्टिविटी
इसी को लेकर गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची. वहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया. यहां पर ग्रीन बेल्ट में ही निर्माण करके कमर्शियल एक्टिविटी चल रही है. इसको लेकर इंदिरापुरम की ग्रीन बेल्ट में कमर्शियल एक्टिविटी कर रहे संतोष एंटेपरिसेस, यू बी सी ए स्पोर्ट्स अकैडमी और एसके स्विमिंग पूल को तत्काल अपने सामने सील कराया.
“>
दबंग की शिकायत करने पहुंचे शख्स को धमकाया!
इसके अलावा उन्होंने ग्रीन बेल्ट पर छप्पर या टिन डाल के रह रहे लोगों को भी यहां से तुरंत हट जाने के लिए कहा है. मेयर ने दावा किया कि जल्द यहां पर जेसीबी बुलडोजर चला कर यह जगह खाली कराई जाएगी. इसी दौरान यहां रह रहा एक गरीब आदमी जब बता रहा था कि उसको यहां किसने बसाया है तो मेयर भड़क गईं और उससे कहा की ‘इतना मारूंगी’. हालांकि, सवाल यह भी है कि इन गरीबों को यहां बसाने वाला कौन है जो इनसे रहने का किराया भी वसूल रहा है.
क्या दबंग कब्जाधारियों पर होगा एक्शन?
फिलहाल, अब देखना होगा कि क्या मेयर का गुस्सा इन गरीबों पर ही चलता है या फिर ऐसे दबंग लोग जिन्होंने ग्रीन बेल्ट को कब्जा कर कर किराए का साधन बना रखा है उन पर कोई कार्रवाई होती है. मेयर ने अपने साथ चल रहे गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की टीम और नगर निगम की अधिकारियों की टीम को यह सभी नोट कराया है.
