श्रीनगर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने रनवे मरम्मत कार्य को लेकर राहत भरी घोषणा की है. अब हफ्ते में दो दिन (सोमवार-मंगलवार) एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद नहीं रखा जाएगा. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने X पर जारी अपडेट में बताया कि पहले जारी NOTAM को वापस ले लिया गया है. अब एयरपोर्ट सभी दिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ऑपरेशनल रहेगा. हालांकि रनवे मेंटेनेंस का काम रात में जारी रहेगा.
अधिकारियों ने ये भी साफ किया कि इस साल एयरपोर्ट पूरी तरह बंद नहीं होगा. रनवे रिपेयर का काम अक्टूबर 2026 तक रात के समय किया जाएगा. पहले की योजना के अनुसार 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक पूर्ण बंदी का प्रस्ताव अब वापस लिया गया है.
पर्यटकों और यात्रियों को फायदा
इस फैसले से पर्यटकों, अमरनाथ यात्रियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. अब सोमवार और मंगलवार को भी फ्लाइट्स उपलब्ध रहेंगी. एयरलाइंस को मौजूदा ऑपरेशनल टाइमिंग (8 AM से 5 PM) के अनुसार शेड्यूल अपडेट करने को कहा गया है.
अमरनाथ यात्रा: बिना रजिस्ट्रेशन वाले श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या, पैसे मांगने के लगाए आरोप
पहले की योजना, यात्रियों को सलाह
पहले के ऑर्डर के अनुसार 1 जुलाई से रनवे मरम्मत शुरू होनी थी और हफ्ते में सिर्फ पांच दिन फ्लाइट्स चलनी थीं. इससे टिकटों की कीमतें बढ़ गई थीं और बुकिंग प्रभावित हुई थी. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक कर लें. रनवे रिपेयर के दौरान शेड्यूल में बदलाव हो सकता है. यह फैसला पर्यटन सीजन और अमरनाथ यात्रा के पीक समय में यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा.
