जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पर आरजेडी ने गंभीर आरोप लगाया है. पार्टी के विधायक भाई वीरेंद्र ने शुक्रवार (11 सितंबर, 2026) को संजय झा का नाम लिए बिना कहा कि वे जेडीयू को तोड़ने वाले हैं. पार्टी को बर्बाद कर दिया है. यह बयान उस पर आया है जिसमें संजय झा ने जेडीयू का नाम ‘जनता दल नीतीश’ करने की बात कही है.
दरअसल भाई वीरेंद्र से मीडिया ने यह सवाल किया कि संजय झा ने कहा है कि जेडीयू का नाम जनता दल नीतीश कर देना चाहिए. इस पर भाई वीरेंद्र ने कहा, “हमको लगता है कि जिन लोगों का बयान आ रहा है… नाम नहीं लेना चाहते हैं… वो लोग पार्टी को बर्बाद कर चुके हैं… तोड़ने वाले हैं… इसलिए दो-चार-पांच गो बचेगा उसका नाम होगा जनता दल नीतीश… इसलिए वो पहले से ही इशारा कर रहे हैं…”
यह भी पढ़ें- बिहार से जाने वाली है NDA सरकार? नीतीश के करीबी का बड़ा दावा
डेढ़ से दो महीने में पार्टी के टूटने का दावा
भाई वीरेंद्र ने अपने बयान में एक और बड़ा दावा किया. हालांकि ये दावा भाई वीरेंद्र अक्सर करते रहे हैं. एक सवाल पर उन्होंने दावा कि डेढ़ से दो महीने में पार्टी टूट जाएगी. उन्होंने कहा कि जो लोग बोल रहे हैं वही पार्टी को तोड़ने के लिए तैयार हैं.
अब इस दावे पर देखना होगा कि जेडीयू की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है. बता दें कि संजय झा ने बिहार के खगड़िया में ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार के योगदान का जिक्र करते हुए यह बयान दिया है कि जेडीयू का नाम जनता दल नीतीश रख देना चाहिए. ये नीतीश कुमार की पार्टी है. उनकी विचारधार की पार्टी है.
संजय झा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बख्तियारपुर का नाम ‘नीतीशपुर’ करने का प्रस्ताव मांझी के बेटे संतोष सुमन ने दिया है. फिलहाल इन सारी चीजों को लेकर बिहार की सियासत में बहस के लिए एक नया मुद्दा मिल गया है.
यह भी पढ़ें- CM सम्राट ने बुलाई आपात बैठक, BJP के सभी मंत्रियों को बुलावा, क्या होगा?
