महाराष्ट्र में शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने रविवार (5 जुलाई) को बड़ा दावा कर दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) धीरज लिंगाडे को दल बदलने के लिए 20 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी, हालांकि एमएलसी ने इस आरोप से इनकार किया है.
संजय राउत ने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया और न ही उन्होंने यह स्पष्ट किया कि लिंगाडे को धन की पेशकश किसने की थी और एमएलसी को किस पार्टी में शामिल होना था.
ये भी पढ़ें: मुंबई में बारिश का कहर! तेज हवाओं से गिरे 250 से ज्यादा पेड़, 2 युवकों की मौत
‘धीरज लिंगाडे को 20 करोड़ का ऑफर’
राउत ने दावा किया, “आप पार्टी कार्यकर्ताओं, सांसदों और विधायकों को तोड़ रहे हैं, लिंगाडे को 20 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी. यह मेरी जानकारी में है.”
उन्होंने कहा कि जो लोग यह नहीं समझते कि कहां रुकना है, उनका अंत बहुत दुखद होता है. राउत ने कहा कि यह सभी नेताओं पर लागू होता है. जनप्रतिनिधियों की जोड़-तोड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसी को तो रुकना होगा.
धीरज लिंगाडे ने दावे से किया इनकार
वहीं पत्रकारों से बातचीत में लिंगाडे ने ऐसी किसी भी पेशकश से इनकार करते हुए कहा कि वह राउत द्वारा किए गए इस दावे से हैरान हैं. इसके अलावा बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के वरिष्ठ नेता और राज्य मंत्री गिरीश महाजन ने भी राउत के दावे को खारिज कर दिया.
‘अपने संगठन पर ध्यान दें राउत’
महाजन ने कहा कि राउत काल्पनिक आंकड़ों की बात करते रहते हैं. उन्होंने राउत पर तंज कसते हुए कहा कि शिवसेना (यूबीटी) को इसके बजाय अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए.
ये भी पढ़ें: Maharashtra News: वसई में आफत की बारिश! पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 20 साल के मजदूर की मौत
