Headlines

संजय राउत का सतीश सालियान पर बड़ा दावा, बोले- ‘हमें सब पता है कि…’


महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने रविवार (20 सितंबर) को कहा कि सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन उनके पिता सतीश सालियान द्वारा आदित्य ठाकरे को मानहानि का नोटिस देने की कोशिश प्रचार हासिल करने का प्रयास थी.

संजय राउत ने संवाददाताओं से कहा कि शिवसेना (यूबीटी) दिशा सालियान की मौत से दुखी है. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी. यह उस लड़की का दुर्भाग्य है कि उसके पिता ने तमाशा खड़ा किया. यह पीड़ा नहीं है. सीबीआई जांच का उल्लेख करते हुए राउत ने कहा कि अदालत ने कुछ निर्देश दिए हैं और उनका पालन किया जाना चाहिए. राउत ने कहा कि प्रचार के लिए जिस तरह आप मातोश्री आए, वह बेहद घटिया है.

हमें पता है इसके पीछे कौन- राउत

उन्होंने दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) को पता है कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है. उन्होंने बिना विस्तार से बताए कहा कि यह सब ‘नेपाल कनेक्शन वाले एक शराबी’ के कारण हो रहा है.

500 करोड़ का नोटिस देने पहुंचे थे सतीश सालिया

दरअसल, सतीश सालियान शनिवार को यहां शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री पहुंचे थे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस देने की कोशिश की थी. सतीश सालियान ने शनिवार को आरोप लगाया था कि विधायक आदित्य ठाकरे ने उनकी मानहानि की है. सीबीआई ने 2020 में दिशा सालियान की मौत के संबंध में हाल में एक प्राथमिकी दर्ज की है.

आदित्य ठाकरे ने इस सप्ताह की शुरुआत में स्पष्ट रूप से कहा था कि सालियान की मौत के मामले से उनका कोई संबंध नहीं है और वह उनसे कभी नहीं मिले थे. उद्धव ठाकरे ने गुरुवार (17 सितंबर) को चेतावनी दी थी कि उनके परिवार को निशाना बनाकर चलाए जा रहे ‘चरित्र हनन’ अभियान को नहीं रोका गया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *