नवरात्रि पर होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों में मुसलमानों की एंट्री को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने अपना रुख साफ किया है. वीएचपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा है कि गरबा और डांडिया पंडालों में मुसलमानों को कतई एंट्री नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद पहले से ही इस बारे में अपनी बात कहता आ रहा है. वहीं सलमान खान के बप्पा की आरती करने पर उन्होंने कहा कि कोई गणपति की पूजा करता हो तो ये स्वागत योग्य बात है.
मिलिंद परांडे ने कहा कि जिन लोगों को वंदे मातरम में देवी का नाम लेने से एतराज है, वे देवी के उत्सव में क्यों आएंगे. उन्होंने कहा कि अगर किसी की देवी में पूरी श्रद्धा है तो पहले उन्हें वंदे मातरम का पूरा गान करना चाहिए और देवी मां की पूजा और आराधना करनी चाहिए. उनका कहना था कि कुछ लोग सिर्फ हिंदू कन्याओं के साथ नाचने के लिए गरबा पंडालों में आना चाहते हैं, उन्हें इसकी इजाजत कतई नहीं दी जा सकती.
ये भी पढ़े: जयपुर: सिर्फ 6 कमरे में चल रहा 3500 छात्रों वाला सरकारी कॉलेज, नाराज स्टूडेंट्स ने जड़ा ताला
परांडे ने यह भी कहा कि वीएचपी का आरोप है कि ऐसे लोगों पर ‘लव जिहाद’ से जुड़े आरोप लगते रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने कहा कि हिंदू लड़कियों के साथ नाचने के लिए उन्हें गरबा पंडालों में एंट्री नहीं मिलनी चाहिए. वीएचपी की ओर से महाराष्ट्र में गरबा-डांडिया आयोजनों में मुस्लिमों को प्रवेश नहीं देने की अपील पहले भी की जा चुकी है.
अमृता फडणवीस के बयान से असहमति
मिलिंद परांडे ने इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के बयान से भी असहमति जताई. उन्होंने कहा कि समाज में लोग अपनी- अपनी राय रखते हैं और सभी को अपनी राय रखने का पूरा हक है, लेकिन विश्व हिंदू परिषद ने इस बारे में जो फैसला लिया है, संगठन उस पर पूरी तरह कायम है.
अमृता फडणवीस ने क्या कहा था?
अमृता फडणवीस ने गरबा में किसी व्यक्ति के शांतिपूर्वक शामिल होने या इसे देखने पर आपत्ति नहीं जताने की बात कही थी. इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आने के बाद विवाद और चर्चा तेज हुई है.
सलमान खान के गणेश उत्सव में शामिल होने पर क्या कहा?
वीएचपी के संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने फिल्म अभिनेता सलमान खान के गणेश उत्सव में शामिल होने और बप्पा की पूजा-अर्चना व आरती किए जाने पर हो रहे एतराज पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति गणपति की पूजा करता है तो यह स्वागत योग्य बात है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है.
उन्होंने कहा कि गणपति उत्सव धार्मिक आयोजन के साथ-साथ राष्ट्र जागरण का भी उत्सव है. उनके मुताबिक ब्रिटिश काल में देशवासियों को जागरूक करने और प्रथम पूज्य गणेश का आशीर्वाद लेने के लिए बाल गंगाधर तिलक ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया था.
परांडे ने कहा कि अगर सलमान खान या कोई अन्य व्यक्ति गणपति की अर्चना कर रहा है तो इसमें किसी को भी विरोध नहीं करना चाहिए. हालांकि जब उनसे सलमान खान के गणेश उत्सव में शामिल होने को लेकर हो रहे विरोध के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस बारे में खुद सलमान खान को ही जवाब देना चाहिए. सलमान खान के गणेश चतुर्थी समारोह में शामिल होने की हालिया तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं.
UCC पर क्या बोले मिलिंद परांडे?
मिलिंद परांडे ने यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC को लेकर चल रहे विवाद पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि अगर देश में टैक्स का एक नियम है और एक आपराधिक कानून है तो रहन-सहन का नियम भी एक ही होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने NDA शासित 21 राज्यों में UCC को लेकर जो फैसला किया है, वह बेहद साहस वाला है और इस पर किसी को एतराज नहीं होना चाहिए. परांडे ने कहा कि जो लोग पूरे देश में UCC लागू किए जाने की मांग कर रहे हैं, उनकी बात गलत नहीं है, लेकिन उन्हें इस बात से खुश होना चाहिए कि कम से कम 21 राज्यों में यह लागू होने जा रहा है. उनके मुताबिक किसी भी राज्य में UCC लागू होना भी कम बड़ी बात नहीं है.
ये भी पढ़ें: ‘नॉर्थ कोरिया जैसे हो रहे देश के हालात’, BJP पर भड़के पूर्व CM अशोक गहलोत
