Headlines

सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का एनकाउंटर, नाराज हुसैन दलवई बोले- ‘उसे गोली मारने का मतलब…’


उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में 11वीं में पढ़ने वाले 17 वर्षीय सूर्या की हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया. पुलिस ने खोड़ा क्षेत्र का निवासी आरोपी असद के सीने पर गोली मारी थी. इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई. इस एनकाउंटर को कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने पूरी तरह से गलत ठहराया है. 

हुसैन दलवई ने कहा, “मैं एनकाउंटर के बिल्कुल खिलाफ हूं. एनकाउंटर करने या उसे गोली मारने का मतलब है देश की कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेना. यह गैर कानूनी है. सरकार द्वारा कभी भी इस तरह से कानून अपने हाथ में लेना बिल्कुल गलत है.”

आरोपी असद पर था 50 हजार का इनाम

जानकारी के लिए बता दें कि 17 वर्षीय सूर्या चौहान की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात के बाद से आरोपी असद फरार था. सूर्या चौहान ने इलाज के दौरान शुक्रवार (29 मई) को दम तोड़ दिया था. पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने जानकारी दी थी कि 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद की रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था.

5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

सूर्या के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया. वारदात के तुरंत बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि मुख्य आरोपी के रूप में नामजद असद फरार था. पुलिस ने कहा था कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी और चौहान दोस्त थे तथा मोटरसाइकिल चलाने को लेकर विवाद बढ़कर बहस में बदल गया जिसके बाद चौहान पर चाकू से हमला किया गया.

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *