Headlines

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर 2 या 4 लाख? CM सम्राट ने दूर किया कंफ्यूजन


बिहार में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (Student Credit Card) योजना को लेकर बीते कुछ दिनों से कन्फ्यूजन वाली स्थिति है, जिसे अब सीएम सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने दूर किया है. सोमवार (24 अगस्त, 2026) को मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए बताया कि उच्च शिक्षा के लिए जिस तरह चार लाख मिल रहा था वो मिलेगा.

अपने एक्स पोस्ट में सम्राट चौधरी ने लिखा है, “स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के संबंध में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मन में किसी भी प्रकार का संशय नहीं रहना चाहिए. उच्च शिक्षा हेतु ₹4 लाख तक का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मिल रहा है और यह सुविधा आगे भी पूर्ववत ही जारी रहेगी.”

आगे लिखा है, “बिहार सरकार युवाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. शिक्षा के रास्ते में आर्थिक संसाधन को कभी भी बाधा नहीं बनने दिया जाएगा.”

पहले सरकार की ओर से क्या कहा गया था?

हाल ही में खबर सामने आई थी कि राज्य सरकार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के नियमों में बदलाव किया है. इस योजना के तहत मिलने वाली 4 लाख रुपये की अधिकतम लोन राशि को घटा दिया गया है और अब 2 लाख कर दिया गया है. मीडिया में इस खबर के सामने आने के बाद सरकार की ओर से सफाई भी आई थी.

सरकार की ओर से यह कहा गया था कि अब 2 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा. 2 लाख से 4 लाख तक की वित्तीय सहायता अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी. इससे पहले बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से ही 4 लाख तक की राशि उपलब्ध कराई जाती थी.

जानकारी दी गई थी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 886 करोड़ के व्यय की स्वीकृति दी गई है. वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 950 करोड़ के व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है. 

यह भी पढ़ें- आरक्षण पर बवाल! ब्रजेश पाठक के बयान पर क्या बोली चिराग की पार्टी?

जन सुराज ने उठाया था मुद्दा

बता दें कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के नियम में बदलाव की खबर जैसे ही सामने आई थी तो प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने इस मुद्दे को उठाया था. पार्टी के प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने कहा, “सम्राट सरकार गलतफहमी में न रहे. छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी हुई तो महासंग्राम होगा.” स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर बढ़ती सियासत के बीच अब सम्राट चौधरी ने इस पर सफाई देकर मामले को शांत करने की कोशिश की है.

यह भी पढ़ें- चिराग पासवान के आरक्षण वाले बयान पर क्या है BJP-JDU का स्टैंड? जानें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *