2026 एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बना दिए हैं. आखिरी 3 ओवरों में शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने ऐसा गदर मचाया कि 57 रन आ गए. यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है. पारी की शुरुआत में अभिषेक शर्मा ने कोहराम मचाया. उन्होंने 7 छक्कों से सुसज्जित अपनी पारी में 61 रन बनाए.
वैभव सूर्यवंशी 9 गेंद में 15 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन अभिषेक शर्मा ने खूब गदर मचाया और साल 2026 में 100 छक्के भी पूरे कर लिए. कुछ देर श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी मिडिल ओवरों में संभाला, लेकिन अंत में आकर शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने भी बवाल काट दिया.
पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
टीम इंडिया ने एशियन गेम्स फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 211 रन बनाए हैं. इससे पहले टी20 इंटरनेशनल में भारत का पाक टीम के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 192 रन था. पाकिस्तान के लिए 212 रनों का लक्ष्य चेज कर पाना आसान नहीं होगा. पाकिस्तान का टी20 में भारत के खिलाफ सबसे सफल रन चेज 182 रन का है, जो उसने 2022 एशिया कप में किया था.
अभिषेक-दुबे-तिलक का कहर
भारतीय पारी में सबसे पहले अभिषेक शर्मा ने कोहराम मचाया था. उन्होंने 28 गेंद में 61 रन बनाए, इस दौरान उनके बल्ले से 7 सिक्स और 3 चौके आए. डेथ ओवरों में शिवम दुबे ने फिनिशर का रोल निभाते हुए 15 गेंद में 27 रन बनाए और इस दौरान 2 चौके और 2 छक्के लगा दिए. तिलक वर्मा ने स्टाइल में भारतीय पारी का अंत किया और 22 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद लौटे.
15 छक्के और 13 चौके
भारतीय पारी में शुरू से लेकर अंत तक कुल 15 छक्के और 13 चौके लगे. आखिरी 3 ओवरों में तो भारतीय बल्लेबाजों ने बवाल ही काट दिया. आखिरी 3 ओवरों में टीम इंडिया ने 57 रन जोड़े. 17वें ओवर तक टीम इंडिया 154 रन बनाकर खेल रही थी और 200 का आंकड़ा भी मुश्किल लग रहा था. मगर तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर पिटाई की और स्कोर 211 रन तक पहुंचा दिया.
यह भी पढ़ें:
अभिषेक शर्मा ने क्रिस गेल को पछाड़ा, बनाया सबसे तेज 100 छक्कों का महारिकॉर्ड
