कांग्रेस पार्टी संविधान दिवस पर मार्च निकालेगी. 26 नवंबर को निकलने वाले इस मार्च का नाम संविधान बचाओ मार्च होगा. मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सहित कांग्रेस के सभी सांसद मौजूद रहेंगे. विपक्षी सांसदों से बातचीत हो रही है. संविधान बचाओ मार्च में विपक्षी सांसद भी शामिल हो सकते हैं.
इधर, एसआईआर को लेकर कांग्रेस की विरोध प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि वह बाहरी लोगों को सामान्य, मान्यता प्राप्त और बैध बनाने की कोशिश कर रही है.
इन लोगों के समर्थन से वह लंबे समय तक सत्ता में रही है. नड्डा ने कहा कि बीजेपी बाहरी लोगों की पहचान करने, उनके नाम वोटर लिस्ट से हटाने और देश से बाहर भेजने के पक्ष में है. उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव आयोग को कमजोर करने का आरोप भी लगाया.
ऐसे लोगों की पहचान की जाना चाहिए: जेपी नड्डा
उन्होंने कहा कि भाजपा के अमित शाह ‘पहचान करो, नाम हटाओ और निर्वासित करो’ की बात करते हैं. कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन क्या कहते हैं? वे कहते हैं कि बाहरी लोगों को सामान्य बनाओ, उन्हें मान्यता दो और वैध बनाओ. उनके आधार कार्ड और राशन कार्ड बनाओ और उन्हें यहां बसा दो. वे आपके मतदाता हैं, उन्हें मान्यता दो और भारतीय राजनीति का हिस्सा बनाओ. आप बताइए, क्या ऐसे लोगों की पहचान नहीं की जानी चाहिए? क्या उन्हें देश से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए? इसके अलावा उन्होंने, लोगों से कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को राजनीतिक रूप से बाहर करने की अपील भी की.
कांग्रेस ने अमित शाह से मांगा इस्तीफा
एक तरफ बीजेपी कांग्रेस पर अराजकता फैलाने के आरोप मढ़ रही है. अमित शाह से लेकर पार्टी के कई नेता उनके खिलाफ मोर्चा बंदी किए हुए है. इधर, पवन खेड़ा ने भी अमित शाह पर पलटवार करते हुए, उनके इस्तीफे की मांग की है. उन्होंने कहा है कि अगर गृह मंत्रालय आपसे नहीं संभल रहा है तो कुर्सी से चिपके क्यों बैठे हैं. कांग्रेस ने इस दौरान तीन करोड़ घुसपैठियों, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश से जुड़ा मुद्दा उठाया.
कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग, ज्ञानेश कुमार और चुनावी प्रक्रिया में धांधली के आरोप मढ़ रही है और लगातार सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने में जुटी हुई है. ऐसे में अब अगला मोर्चा 25 नवंबर यानी संविधान दिवस के दिन खोलने के लिए पार्टी ने दिन चुना है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी पीएम मोदी को ओपन डिबेट का भी चैलेंज कर चुके हैं.
