आज के दौर में जहां अक्सर खोई हुई चीज वापस मिलने की उम्मीद बहुत कम होती है, वहीं बेंगलुरु से सामने आई एक घटना ने लोगों का इंसानियत पर भरोसा और मजबूत कर दिया है. सोशल मीडिया पर एक कैब ड्राइवर की ईमानदारी की जमकर तारीफ हो रही है, जिसने चार दिन पहले अपनी टैक्सी में छूटा एक यात्री का बटुआ न सिर्फ संभालकर रखा, बल्कि उसे ढूंढ़कर सही सलामत वापस भी लौटा दिया. इस घटना ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है.
4 दिन पहले कैब में छूट गया था बटुआ
यह मामला तब सामने आया जब बेंगलुरु के एक रेडिट यूजर ने अपनी आपबीती सोशल मीडिया पर शेयर की. यूजर ने बताया कि वह कैब से घर पहुंचने के बाद सामान्य दिनचर्या में व्यस्त हो गया, लेकिन चार दिन बाद उसे एहसास हुआ कि उसका वॉलेट कैब में ही छूट गया था. घबराए हुए यात्री ने तुरंत कैब ड्राइवर को फोन किया. ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी धुलाई के लिए गई हुई है, लेकिन वह वॉलेट ढूंढ़ने की पूरी कोशिश करेगा.
कुछ घंटों बाद आया फोन और लौट आई मुस्कान
कुछ घंटों बाद कैब ड्राइवर का फोन आया और उसने बताया कि उसे कार में यात्री का वॉलेट मिल गया है. यह खबर सुनकर यात्री की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उसने इस पूरे अनुभव को रेडिट पर “Beauty of Bengaluru” कैप्शन के साथ शेयर किया. पोस्ट में उसने ड्राइवर की ईमानदारी और जिम्मेदारी की जमकर तारीफ की. देखते ही देखते यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और हजारों लोग इस छोटे लेकिन प्रेरणादायक किस्से की तारीफ करने लगे.
लोग बोले- ऐसे लोग ही इंसानियत जिंदा रखते हैं
पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने दिल खोलकर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा, “करीब 9 साल पहले मेरे साथ भी बेंगलुरु में ऐसा ही हुआ था.” दूसरे यूजर ने कहा, “आप किस्मत वाले हैं, ऐसी ईमानदारी रोज देखने को नहीं मिलती.” वहीं एक और यूजर ने लिखा, “मेरे दोस्त के साथ भी भोपाल में ऐसा ही हुआ था, जब वह कैब में अपना वॉलेट भूल गया था.” कई लोगों ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे ईमानदार काम ही समाज में भरोसा और इंसानियत को जिंदा रखते हैं.
यह भी पढ़ें: Cab Driver Viral Video : मैं पूरा किराया लूंगा’… कैब ड्राइवर की इस बात पर भड़की महिला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
