आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि निकाय चुनावों के नतीजे न केवल गठबंधन की जीत को दर्शाते हैं, बल्कि ये सुशासन, सामाजिक न्याय, नए नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनता के समर्थन को भी दिखाते हैं. सोमवार को टीडीपी के अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए गठबंधन की पार्टियों ने स्थानीय निकाय चुनावों में निर्णायक जीत हासिल की है. 2024 के आम चुनावों की तुलना में इन चुनावों में गठबंधन के लिए जनता का समर्थन काफी बढ़ा है.
मुख्यमंत्री ने चुनाव परिणामों और गठबंधन के प्रदर्शन के बारे में बताते हुए कहा कि शहरी और परिषद चुनावों को मिलाकर गठबंधन को 58.9 प्रतिशत वोट मिले, जो 2024 के चुनावों में मिले 55.3 प्रतिशत वोट शेयर के मुकाबले 3.6 प्रतिशत अंक की वृद्धि है. इसके विपरीत YSRCP का वोट शेयर 39.81 प्रतिशत से घटकर 33.56 प्रतिशत रह गया, यानी इसमें 6.25 प्रतिशत अंकों की गिरावट आई. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन और YSRCP के वोट शेयर के बीच का अंतर 25.34 प्रतिशत अंक रहा.
‘गठबंधन को 59.9 प्रतिशत वोट मिले’
नायडू ने कहा, “शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन को 59.9 प्रतिशत वोट मिले, जबकि YSRCP को केवल 34.3 प्रतिशत वोट मिले. शहरी इलाकों में गठबंधन का स्ट्राइक रेट 94 प्रतिशत रहा. जिला परिषद टेरिटोरियल कांस्टीट्यूएंसी (ZPTC) चुनावों में गठबंधन को 57.6 प्रतिशत वोट मिले, जबकि YSRCP को 39.7 प्रतिशत वोट मिले. यहां गठबंधन का स्ट्राइक रेट 87.5 प्रतिशत रहा. शहरी इलाकों में गठबंधन और YSRCP के वोट शेयर के बीच 25.6 प्रतिशत अंकों का अंतर था और ग्रामीण इलाकों में यह अंतर 17.9 प्रतिशत अंकों का था.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी चुनावों में गठबंधन को 65.7 प्रतिशत पोस्टल बैलेट मिले, जबकि YSRCP को 27.42 प्रतिशत मिले. परिषद चुनावों में, गठबंधन को 62.83 प्रतिशत पोस्टल बैलेट मिले, जबकि YSRCP को 31.46 प्रतिशत मिले. उन्होंने कहा कि ये आंकड़े दर्शाते हैं कि कर्मचारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से गठबंधन को कितना समर्थन मिला है.
YSRCP को 7 जिलों में 1 भी सीट नहीं
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य भर में 659 ZPTC सीटों में से 575 पर गठबंधन ने जीत हासिल की. गठबंधन ने 28 में से 27 जिलों में बढ़त बनाई. केवल अल्लूरी सीताराम राजू जिले में ही YSRCP को गठबंधन के मुकाबले अधिक ZPTC सीटें मिलीं. उन्होंने कहा कि YSRCP अनाकापल्ली, कोनासीमा, काकीनाडा, मार्कापुरम, पलनाडु, पश्चिम गोदावरी और विशाखापत्तनम सात जिलों में एक भी ZPTC सीट नहीं जीत पाई. MPTC चुनावों में गठबंधन ने 9,818 में से 7,803 सीटें जीतीं. राज्य भर में ‘मंडल अध्यक्ष’ के लगभग 90 प्रतिशत पदों पर भी गठबंधन के ही जीतने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें
तेलंगाना महिला आयोग ने फर्टिलिटी सेंटरों के निदेशकों को किया तलब, किस मामले में की पूछताछ?
