बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर सोनिया गांधी के रोने वाले वाले बयान पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को 32 साल बाद याद आया कि बाबरी मस्जिद शहीद हुई थी और उसे देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे.
वसीम राईन ने कहा, “सवाल यह है कि इतने वर्षों तक वह कहां थीं? कांग्रेस के शासनकाल में मुसलमानों को दंगों की आग में झोंका गया और अब घड़ियाली आंसू बहाकर उनका समर्थन हासिल करने की कोशिश की जा रही है. अब पसमांदा मुसलमान कांग्रेस के इस कथित धोखे में आने वाले नहीं हैं. उन्होंने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस के हाथ मुसलमानों के खून से रंगे हैं.
वसीम राईन ने कांग्रेस पर साधा निशाना
वसीम राईन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबरी मस्जिद का ताला खुलवाने से लेकर वहां मूर्तियां रखवाने तक के घटनाक्रम कांग्रेस के शासनकाल में हुए. कांग्रेस के दौर में जितने दंगे हुए, उनमें मुसलमानों का भारी नुकसान हुआ. आज जब मुसलमानों ने कांग्रेस का साथ छोड़ना शुरू कर दिया है और उसकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है, तब उसे मुसलमानों की याद आ रही है.
वसीम ने कहा कि सोनिया गांधी का यह भावुक बयान इसी राजनीतिक बेचैनी का नतीजा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पसमांदा मुसलमानों की स्थिति दलितों से भी बदतर बना दी. सच्चर कमेटी की रिपोर्ट में पसमांदा मुसलमानों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति उजागर हुई, लेकिन कांग्रेस ने रिपोर्ट आने के बाद भी उनकी बेहतरी के लिए ठोस काम नहीं किया.
आरक्षण को लेकर क्या बोले वसीम राईन?
अनुच्छेद 341 के तहत 1950 में लागू किए गए प्रावधान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर दलित आरक्षण से मुस्लिम समुदाय की कई जातियों को वंचित रखा गया. यदि धोबी हिंदू है तो उसे अनुसूचित जाति का लाभ मिलता है, लेकिन मुस्लिम धोबी इससे वंचित रह जाता है.
उन्होंने कहा कि इस भेदभाव के कारण न जाने कितने दलित मुसलमान आईएएस, पीसीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनने के अवसर से वंचित रह गए. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सोनिया गांधी को कभी इस पीड़ा पर भी रोना आया?
वसीम राईन ने की मोदी सरकार की तारीफ
वसीम राईन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस के किसी प्रधानमंत्री ने पसमांदा मुसलमानों का खुलकर नाम नहीं लिया और न ही उन्हें मुख्यधारा में लाने की ऐसी पहल की. प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2022 में पहली बार पसमांदा समाज का जिक्र किया और इसके बाद कई बार उनके उत्थान की बात की.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लाल किले से भी पसमांदा मुसलमानों का उल्लेख किया और उनके लिए योजनाओं के माध्यम से काम करने की बात कही. इससे समाज को एक नई पहचान मिली है. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा केंद्र और प्रदेश सरकार में योजनाओं का लाभ देने में धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा रहा है.
वसीम राईन ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और राशन वितरण जैसी योजनाओं का लाभ पसमांदा मुसलमानों को भी मिल रहा है. उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस की सरकार में प्रभावशाली मुस्लिम नेताओं और उनके करीबियों को फायदा मिलता था, सपा सरकार में यादवों का प्रभाव रहा और बसपा में अपनी बिरादरी को प्राथमिकता मिली, लेकिन मौजूदा सरकार सबके विकास की बात कर रही है.
उन्होंने कहा कि उनका संगठन 1998 से पसमांदा समाज के अधिकारों के लिए काम कर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इस समाज का नाम लिए जाने के बाद इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली.
अखिलेश यादव के अयोध्या जाने पर क्या बोले वसीम राईन?
वहीं 12 नवंबर को अखिलेश यादव के परिवार के साथ अयोध्या जाने के सवाल पर वसीम राईन ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार पसमांदा मुसलमानों की अनदेखी करते आए हैं. उनकी पार्टी की राजनीति करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम और नौ प्रतिशत यादव मतदाताओं के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन मुस्लिम समाज को उसकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं दी गई.
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने गठबंधन के बावजूद किसी पसमांदा मुस्लिम को राज्यसभा भेजने का अवसर नहीं दिया. टिकट वितरण, पार्टी संगठन और विभिन्न आयोगों में भी पसमांदा समाज को उचित जगह नहीं मिली.
उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व पसमांदा मुसलमानों को दबा-कुचला और मजबूर समझता है कि वे आखिर जाएंगे कहां? लेकिन अब ऐसा नहीं है. पसमांदा मुसलमान किसी के बंधुआ वोटर नहीं हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पता चल जाएगा कि मुसलमान किसके साथ खड़े हैं.
वसीम राईन ने कहा कि पसमांदा मुसलमानों की आबादी मुस्लिम समाज में करीब 85 प्रतिशत है. अब समाज उसी पार्टी और सरकार का साथ देगा, जहां उसे राजनीतिक हिस्सेदारी, टिकट और सत्ता में भागीदारी मिलेगी. उन्होंने दो टूक कहा कि अब पसमांदा मुसलमान समाजवादी पार्टी के बंधुआ वोटर नहीं हैं.
राम मंदिर की जगह मस्जिद मानने वालों पर क्या बोले वसीम राईन?
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बावजूद कुछ मुसलमानों द्वारा उस स्थान को मस्जिद मानने के सवाल पर वसीम राईन ने कहा कि वहां मंदिर का निर्माण न्यायालय के फैसले के आधार पर हुआ है. हम हिंदुस्तान में रहते हैं और संविधान में विश्वास रखते हैं. संविधान के दायरे में रहकर ही अपनी बात कहते हैं और काम करते हैं.
उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले का सम्मान करना चाहिए और वह इसका स्वागत करते हैं. उन्होंने इस्लाम का हवाला देते हुए कहा कि जिस मुल्क में आप रहते हैं, वहां की व्यवस्था और कानून का सम्मान करना चाहिए. अदालत के फैसले को स्वीकार न करना उचित नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हैं.
UP चुनाव 2027 के लिए BJP का मेगा प्लान! क्या है पंचायत महाअभियान?
