Headlines

Mustard Farming: सरसों की बुवाई में देरी से कितना घट सकता है उत्पादन? जानें सही समय और तरीका


रबी सीजन में सरसों किसानों की प्रमुख फसलों में से एक है. इसकी खेती से अच्छी पैदावार लेने के लिए बुवाई का सही समय चुनना बहुत जरूरी है. कई किसान खेत खाली होने या दूसरी फसल की कटाई में देरी के कारण सरसों की बुवाई समय पर नहीं कर पाते. इसका असर पौधों की बढ़त से लेकर दाने बनने तक दिखाई देता है. देर से बोई गई फसल को फूल आने और दाने भरने के समय सही मौसम नहीं मिल पाता. ऐसे में दाने छोटे रह जाते हैं और कुल उत्पादन भी घटता है. इसलिए किसानों को बुवाई से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

सरसों की बुवाई के लिए कौन-सा समय है सही?

सरसों की बुवाई का सही समय इलाके, मौसम और किस्म के हिसाब से अलग-अलग होता है. आमतौर पर उत्तर और मध्य भारत के कई इलाकों में अक्टूबर का महीना इसकी बुवाई के लिए अच्छा माना जाता है.  वहीं, कुछ क्षेत्रों में सितंबर के आखिरी सप्ताह से भी अगेती बुवाई शुरू हो जाती है. अगर किसी कारण से समय पर बुवाई नहीं हो पाई है, तो नवंबर के पहले हफ्ते में भी कुछ खास  किस्में बोई जाती हैं. इसके लिए अपने इलाके के कृषि विभाग या कृषि विज्ञान केंद्र से सही किस्म की जानकारी लेना जरूरी है. सामान्य किस्मों को बहुत देर से बोने पर पैदावार प्रभावित होती है.

यह भी पढ़ें : Drought Resistant Wheat: गेहूं की इन किस्मों पर नहीं होता सूखे और गर्मी का असर, देती हैं बंपर पैदावार 

 देरी से बुवाई करने पर क्यों घटती है पैदावार?

सरसों की बुवाई में देरी होने पर पौधों को बढ़ने के लिए कम समय मिलता है. इसका असर उनकी शाखाओं, फूलों और फलियों पर पड़ता है. इसके अलावा, देर से बोई गई फसल में जब दाने भरने का समय आता है, तब तापमान बढ़ने लगता है. ज्यादा गर्मी के कारण दाने ठीक से विकसित नहीं हो पाते और उनका आकार छोटा रह जाता है. इससे प्रति पौधा दानों की संख्या और उनका वजन भी प्रभावित होता है. देर से बोई गई फसल में माहू यानी चेपा जैसे कीटों और सफेद रतुआ जैसी बीमारियों का खतरा भी कुछ परिस्थितियों में बढ़ सकता है. इसलिए किसान कोशिश करें कि सरसों की बुवाई तय समय पर ही पूरी कर लें.

 सरसों की बुवाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

सरसों की अच्छी फसल के लिए सबसे पहले खेत की मिट्टी को भुरभुरा और समतल बनाएं. खेत में पानी जमा नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे बीज और पौधों को नुकसान पहुंचता है. बुवाई हमेशा कतारों में करें. सामान्य तौर पर कतार से कतार की दूरी करीब 30 से 45 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 10 से 15 सेंटीमीटर रखी जाती है. बीज की मात्रा किस्म और खेती के तरीके के अनुसार तय करें. कई सिंचित इलाकों में प्रति हेक्टेयर करीब 4 से 5 किलो बीज की जरूरत होती है. बुवाई से पहले प्रमाणित बीज लें और जरूरत के अनुसार कृषि विशेषज्ञ की सलाह से बीज उपचार करें. इसके अलावा मिट्टी की जांच के आधार पर खाद और उर्वरक डालें. सरसों की फसल में सल्फर की भी जरूरत होती है, इसलिए इसकी कमी होने पर उचित मात्रा में इसका इस्तेमाल करें. 

यह भी पढ़ें : Dairy Farming Schemes: गांव में करना है डेयरी बिजनेस, जानें सरकर से कैसे मिलेगी मदद 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *