उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश मुख्यालय के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है. जियामऊ स्थित करीब 5,500 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले बीजेपी के नए प्रदेश कार्यालय का संशोधित नक्शा लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में जमा कर दिया गया है. प्रस्तावित भवन करीब 9 मंजिला होगा. एलडीए से नक्शे को स्वीकृति देने से पहले पीडब्ल्यूडी, अर्जन विभाग और प्रशासन से एनओसी मांगी गई है.
एलडीए सूत्रों के मुताबिक नए बीजेपी मुख्यालय की इमारत को कमल की आकृति में तैयार करने की योजना है. मुख्य प्रवेश द्वार भी कमल की पंखुड़ी की डिजाइन पर बनाया जाएगा. भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ पार्टी के संगठनात्मक कामकाज के लिए अलग-अलग कार्यालय, बैठक कक्ष, सम्मेलन हॉल और मीडिया सेंटर बनाए जाएंगे.
उधम सिंह नगर में Gen Alpha का प्रदर्शन, स्कूल में अव्यवस्था के खिलाफ नाराजगी
5000 कार्यकर्ताओं के बैठने की क्षमता वाला हॉल
संशोधित नक्शे में 5,000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के एक साथ बैठने की क्षमता वाला बड़ा हॉल प्रस्तावित किया गया है. इसके अलावा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के लिए अलग-अलग कार्यालय और बैठक की सुविधाएं होंगी. भवन को आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और पार्टी की जरूरतों के मुताबिक विकसित करने की योजना है.
48 करोड़ रुपये में खरीदा था भूखंड
बीजेपी ने जियामऊ का यह भूखंड एलडीए की ई-नीलामी में करीब 48 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर खरीदा था. नीलामी में कई बड़े बिल्डर समूह भी शामिल हुए थे, लेकिन बीजेपी की बोली सबसे अधिक रही. जमीन मिलने के बाद अब भवन निर्माण की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.
नवरात्रि पर शिलान्यास की तैयारी
बीजेपी नए प्रदेश मुख्यालय का शिलान्यास नवरात्रि के दौरान कराने की तैयारी में है. शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि कार्यक्रम की अंतिम तारीख और अतिथियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
UP चुनाव को लेकर कांग्रेस का खास प्लान, प्रियंका गांधी खुद कर रहीं मॉनिटरिंग
