भारत दुनिया में सबसे बड़ी आबादी वाला देश है, जहां करीब 140 करोड़ से ज्यादा नागरिक रहते हैं. वहीं, दुनिया भर के तमाम देशों में भी आज भारतीय नागरिक मौजूद हैं, जिनमें से काफी लोगों ने अलग-अलग देशों की नागरिकता भी ले ली है. इस कड़ी में एक नई रिपोर्ट सामने आई हैं, जिसके मुताबिक, साल 2020 से 2024 के बीच करीब 9.25 लाख भारतीय नागरिकों ने OECD के किसी सदस्य देश की नागरिकता हासिल की है.
आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ऑर्गनाइजेशन फॉर इकोनॉमिक को-ऑपरेशन एंड डेवलपमेंट/OECD) की इस महीने की शुरुआत में जारी इंटरनेशनल माइग्रेशन आउटलुक 2026 में यह आंकड़े सामने आए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, यह आंकड़े और पिछले 5 सालों की अवधि की तुलना में 40 प्रतिशत ज्यादा हैं.
भारत ने किन-किन देशों को छोड़ा पीछे?
उस दौरान OECD सदस्य देशों की नागरिकता हासिल करने वालों में भारत पूर्व राष्ट्रीयता के लिहाज से सबसे बड़ा देश बना रहा है. इस मामले में भारत ने मेक्सिको और सीरिया को पीछे छोड़ दिया है. इन दोनों देशों के क्रमशः 5,90,248 और 5,88,219 नागरिकों ने OECD सदस्य देशों की नागरिकता हासिल की.
नागरिकता हासिल करने वाले भारतीयों की संख्या 2015-2019 के दौरान 6,54,821 थी, जो 2020-2024 के बढ़कर 9,25,000 हो गई. भारत के अलावा, सीरिया के नागरिकों की तरफ से नागरिकता हासिल करने के मामलों में करीब 5 गुना इजाफा हुआ है, जबकि चीन के नागरिकों की संख्या में 11.9 प्रतिशत की कटौती हुई है.
OECD के किस देश ने भारतीयों को सबसे ज्यादा नागरिकता दी?
OECD में दुनिया के 38 देश सदस्य के तौर पर शामिल हैं. इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान और यूरोप के कई देश शामिल हैं. वहीं, भारतीयों को नागरिकता देने के मामले में कनाडा सबसे आगे है. रिपोर्ट के मुताबिक, देशवार आंकड़ों से पता चला है कि 2024 में OECD सदस्य देशों के 2,30,337 भारतीय नागरिकों ने नागरिकता हासिल की, जबकि 2023 में यह संख्या 2,24,630 थी. इसमें कनाडा की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही. कनाडा ने 87,320 भारतीयों को अपने देश की नागरिकता दी है.
इसके बाद 48,820 और 28,969 भारतीय नागरिकों के साथ अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया नागरिकता देने वाली लिस्ट में दूसरे और तीसरे नंबर में मौजूद रहा. वहीं, 2020 से 2024 के बीच करीब 2.61 लाख भारतीय कनाडा के नागरिक बने.
यह भी पढ़ेंः कार्तिगई दीपम विवाद: नाराज SC ने जारी किया अवमानना नोटिस, रिपोर्ट को बताया ‘घड़ियाली आंसू’
