Headlines

दिल्लीवाले सावधान! तेजी से बढ़ रहा रेतीला तूफान, सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह


राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 घंटे के दौरान धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक तेज हवाओं के साथ धूल उड़ सकती है, जिससे विजिबिलिटी कम होने और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.

दिल्ली के कई इलाकों में मौसम बदलने के संकेत भी दिखाई देने लगे हैं. आसमान में धूल छाने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खासतौर पर बाइक और कार चलाने वालों से सावधानी बरतने को कहा गया है.

दिल्ली में MCD स्कूल बंद होने के आरोप को मेयर वाही ने बताया निराधार, बोले- ‘AAP का दावा…’

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आंधी के दौरान बेवजह घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए. खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास खड़े होने से खतरा हो सकता है.

तेज धूल भरी हवाओं की वजह से आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है. प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने पर सुरक्षित जगहों पर रहें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें.

भीषण गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें

एक तरफ आंधी का अलर्ट है तो दूसरी तरफ दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है. रविवार को राजधानी के कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया.

अयानगर और रिज इलाके सबसे ज्यादा गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा लोधी रोड में 43.8 डिग्री, पालम में 43.7 डिग्री और सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

तेज गर्मी और लू जैसे हालात की वजह से लोगों का दिनभर बाहर निकलना मुश्किल हो गया. दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखाई दी और लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर नजर आए.

Delhi News: तपती सड़क पर ट्रैफिक पुलिस को बड़ी राहत, सिर ठंडा रखेगा खास ‘AC हेलमेट’, ट्रायल शुरू

स्वास्थ्य का रखें खास ध्यान

डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी जल्दी हो सकती है. इसलिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्का भोजन करने और सीधी धूप से बचने की सलाह दी जा रही है. घर से बाहर निकलते समय सिर ढककर निकलें और बच्चों व बुजुर्गों को गर्मी से बचाकर रखें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *