उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बगही गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है.यहां प्यार के जुनून में पांच बच्चों की मां, अपने ही गांव के पांच बच्चों के पिता के साथ फरार हो गई. इस घटना ने जहां पूरे इलाके के लोगों को हैरान कर दिया है, वहीं पीड़ित पति न्याय की आस लेकर पुलिस की चौखट पर चक्कर काटने को मजबूर है.
पीड़ित पति गतिराम ने कुदरहा पुलिस चौकी में एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी लक्ष्मीना देवी को गांव का ही निवासी संजय पुत्र रामप्रीत बहला-फुसलाकर भगा ले गया है. यह घटना 12 जुलाई को दोपहर लगभग तीन बजे की बताई जा रही है.
आरोपी भी पांच बच्चों का पिता
हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी संजय खुद पांच बच्चों का पिता है, जबकि लक्ष्मीना देवी भी पांच बच्चों की मां है. आरोपी संजय पीड़ित की पत्नी के साथ-साथ उसकी तीन नाबालिग बेटियों को भी अपने साथ ले गया है. इस घटना के बाद से दोनों परिवारों के मासूम बच्चे और परिजन गहरे सदमे में हैं.पीड़ित पति गतिराम ने पुलिस को बताया कि फरार होते समय उसकी पत्नी लक्ष्मीना देवी घर में रखी 50,000 रुपये की नगद राशि मोबाइल फोन और कीमती सोने-चांदी के गहने भी अपने साथ समेट ले गई है. पीड़ित ने बताया कि उसने अपने स्तर पर दोनों की काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो अंततः उसने कानून की शरण ली.
धमकी का आरोप
गतिराम का यह भी गंभीर आरोप है कि इस मामले की शिकायत करने और पत्नी की तलाश करने पर उसे और उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं. धमकी मिलने के बाद से पीड़ित का पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की गहनता से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए और उसकी नाबालिग बेटियों व नकदी को सुरक्षित वापस कराया जाए.
पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप सिंह बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस अजीबोगरीब प्रेम प्रसंग की चर्चा वर्तमान में पूरे लालगंज और कुदरहा क्षेत्र के गांवों में जोरों पर है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: Moradabad News: हाथ पकड़कर नदी में कूदे थे प्रेमी युगल, चार दिन बाद किशोरी का शव बरामद
