कलकत्ता हाई कोर्ट ने सोमवार को क्रिकेटर अभिषेक पोरेल और एक अन्य आरोपी को तुरंत गिरफ़्तार करने का आदेश दिया. यह आदेश एक मेडिकल छात्रा की शिकायत पर दर्ज आपराधिक मामले के सिलसिले में दिया गया, जिसमें रेप, आपराधिक धमकी और अन्य गंभीर अपराधों का आरोप लगाया गया था. इससे पहले जून में, बंगाल और दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ अभिषेक पोरेल के ख़िलाफ़ एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. महिला का आरोप था कि पोरेल ने शादी का झूठा वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसके साथ मारपीट व आपराधिक धमकी की.
पोरेल, जो पहले इंडिया A टीम के साथ UK और ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर चुके हैं, ने सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. यह शिकायत महिला और उसकी मां ने मंगलवार को हुगली ज़िले के मोगरा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने कहा कि उन्होंने मामले की जाँच शुरू कर दी है.
शमी और सिराज के समर्थन में आया दिग्गज, गौतम गंभीर एंड मैनेजमेंट को जमकर लताड़ा; जानें क्या कहा
शिकायत के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि वह और पोरेल पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में थे और पिछले साल उनके बीच मतभेद पैदा हो गए, जिसके बाद क्रिकेटर ने कथित तौर पर उससे “दूरी बनाना” शुरू कर दिया. उसने यह भी आरोप लगाया कि पोरेल ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन अब वह ऐसा करने को तैयार नहीं है.
अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि पोरेल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उस पर मारपीट और आपराधिक धमकी देने का भी आरोप लगाया. पुलिस के एक अधिकारी ने PTI को बताया, “हमें शिकायत मिली है और हमने जांच शुरू कर दी है.”
फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद पोरेल ने इन आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने अभी तक उनसे संपर्क नहीं किया है. मीडिया में पोरेल के हवाले से कहा गया, “मैं अभी अच्छा खेल रहा हूं, इसलिए तरह-तरह की बातें सामने आ रही हैं.”
23 साल के खिलाड़ी ने कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच पूरी होने के बाद वह विस्तार से जवाब देंगे. उन्होंने कहा, “जब पुलिस जांच करेगी, तब मैं इस बारे में बात करूंगा. मैंने अभी तक पुलिस से बात नहीं की है.”
बाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज पोरेल 2023 से इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं. पिछले सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार पारियों में 108 रन बनाए थे. उन्होंने 2021-22 सीजन में बंगाल के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था और अब तक 32 फर्स्ट-क्लास और 23 लिस्ट-ए मैच खेले हैं.
यह भी पढ़ें:
राजस्थान रॉयल्स विवाद में अदालत का आदेश, राज कुंद्रा को चुकाने होंगे 50 करोड़ रुपये
