भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में रोहित शर्मा की शानदार शतकीय पारी की जमकर तारीफ की है. शास्त्री ने कहा कि रोहित ने अपने बल्ले से आलोचकों को करारा जवाब दिया है. वहीं, पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी साफ कहा कि जब तक रोहित शर्मा और विराट कोहली खुद खेलना चाहते हैं, तब तक कोई भी उन्हें टीम से बाहर नहीं कर सकता.
‘बल्ले से दिया करारा जवाब’
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं. हालांकि, लॉर्ड्स में 138 रन की शानदार पारी खेलने के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया. द हंड्रेड 2026 के उद्घाटन मुकाबले के दौरान कमेंट्री करते हुए रवि शास्त्री ने कहा, ‘हिटमैन अब पूरी तरह रिलैक्स होंगे, क्योंकि उन्होंने अपने आलोचकों को शांत कर दिया है. आखिरी वनडे से पहले उनके भविष्य को लेकर काफी शोर मचा था, लेकिन उन्होंने 138 रन बनाकर बल्ले से करारा जवाब दिया. लॉर्ड्स में यह उनका पहला वनडे शतक था.’
द हंड्रेड में नजर आए रोहित
लॉर्ड्स वनडे के बाद रोहित शर्मा लंदन के किआ ओवल में द हंड्रेड 2026 के पहले मुकाबले के दौरान स्टैंड्स में मैच देखते हुए नजर आए. इस दौरान रवि शास्त्री ने उनकी पारी का जिक्र करते हुए कहा कि रोहित ने अपने प्रदर्शन से सभी सवालों का जवाब दे दिया.
अश्विन का बड़ा दावा
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा, ‘अगर रोहित और विराट खेलना चाहते हैं तो कोई उन्हें छू भी नहीं सकता. रोहित के नाम लगभग 12 हजार वनडे रन हैं. उनके रिकॉर्ड खुद उनकी ताकत हैं. लोग उन्हें देखने के लिए मैदान पर आते हैं. अगर ऐसे खिलाड़ियों को बाहर किया गया तो बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा.’
रोहित का लक्ष्य 2027 विश्व कप
अश्विन ने कहा कि रोहित शर्मा अब किसी को कुछ साबित करने के लिए नहीं खेल रहे हैं. उनके मुताबिक, ‘रोहित को अब किसी के सामने खुद को साबित करने की जरूरत नहीं है. उनकी प्रेरणा सिर्फ इतनी है कि वह 2027 वनडे विश्व कप खेलना चाहते हैं. उसी लक्ष्य के लिए वह खुद को तैयार कर रहे हैं.’
यह भी पढ़ें- धीमे स्ट्राइक-रेट पर उठ रहे सवाल, तिलक वर्मा बोले- मैं हालात के हिसाब से खेलता हूं
लॉर्ड्स में खेली यादगार पारी
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित शर्मा ने 110 गेंदों में 138 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 147 रन और विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की. हालांकि उनकी शानदार पारी के बावजूद भारत मैच और सीरीज जीतने में सफल नहीं हो सका.
