करीब 74 साल पहले अटलांटिक महासागर में समा गया एक यात्री विमान आखिरकार मिल गया है. अमेरिका की मशहूर एयरलाइन पैन अमेरिकन एयरवेज (Pan American Airways) के ‘क्लिपर एंडेवर’ (Clipper Endeavor) विमान का मलबा समुद्र की करीब 2,000 फीट गहराई में खोज लिया गया है. यह वही विमान है, जिसके हादसे ने न केवल 52 लोगों की जान ले ली थी, बल्कि पूरी दुनिया में हवाई यात्रा के सुरक्षा नियमों को भी हमेशा के लिए बदल दिया.
उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद हुआ था हादसा
11 अप्रैल 1952 को डगलस DC-4 विमान प्यूर्टो रिको से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुआ था. विमान में 64 यात्री और पांच क्रू सदस्य सवार थे. उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान के दाहिनी ओर के दोनों इंजन बंद हो गए. मजबूरन पायलट को समुद्र में आपात लैंडिंग करनी पड़ी.
हालांकि शुरुआती टक्कर में सभी यात्री जीवित बच गए थे, लेकिन विमान बेहद तेजी से डूबने लगा. अफरा-तफरी के बीच केवल 12 यात्रियों और पांच क्रू सदस्यों को ही बचाया जा सका, जबकि 52 लोगों की मौत हो गई.
74 साल बाद आखिर कैसे मिला मलबा?
एयर/सी हेरिटेज फाउंडेशन (Air/Sea Heritage Foundation), डीप सी विजन (Deep Sea Vision) और डिस्कवरी चैनल के लोकप्रिय शो ‘एक्सपेडिशन अननोन’ (Expedition Unknown) की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. टीम ने हाई-रिजॉल्यूशन सोनार तकनीक और स्वायत्त अंडरवॉटर ड्रोन की मदद से समुद्र की गहराई में खोज की. 2 जून को खोज अभियान के दौरान समुद्र तल पर विमान का मलबा दिखाई दिया.
In April 1952, Pan Am’s Clipper Endeavor crashed into the Atlantic Ocean just minutes after takeoff. The tragedy will go on to change aviation forever, leading to safety procedures that continue to protect passengers today. Despite decades of searches, the aircraft remained lost… pic.twitter.com/ooqMSjibBd
— Discovery (@Discovery) July 21, 2026
बाद में ली गई तस्वीरों में Pan American का मशहूर पंखों वाला लोगो और विमान का नाम ‘Clipper Endeavor’ साफ पढ़ा जा सकता था. इससे पुष्टि हो गई कि यही वही विमान है, जिसकी तलाश दशकों से की जा रही थी.
‘यह खोज हमें रोमांचित भी करती है और भावुक भी’
एयर/सी हेरिटेज फाउंडेशन के अध्यक्ष रसेल मैथ्यूज ने कहा, “हम सभी इस खोज से स्तब्ध और बेहद उत्साहित हैं, लेकिन साथ ही उस जगह पर इतने वर्षों पहले जो कुछ हुआ था, उसे याद करके विनम्र भी महसूस कर रहे हैं.”
वहीं, ‘एक्सपेडिशन अननोन’ के होस्ट जोश गेट्स ने बताया, “यह लगभग 30 घंटे तक समुद्र की तलहटी की स्कैनिंग करता रहा। जब सिस्टम वापस सतह पर आया, तो वह वहीं था.”
उन्होंने आगे कहा, “आज जब भी आप किसी विमान में सवार होते हैं, तो ‘क्लिपर एंडेवर’ और उसके यात्रियों के साथ तीन चौथाई सदी पहले जो हुआ, उसकी वजह से आपकी यात्रा पहले से कहीं अधिक सुरक्षित है.”
इस हादसे ने बदल दिए पूरी दुनिया के सुरक्षा नियम
जांच में सामने आया था कि हादसे के समय यात्रियों को लाइफ जैकेट, लाइफ राफ्ट और इमरजेंसी एग्जिट के बारे में कोई सुरक्षा जानकारी नहीं दी गई थी. भाषा की समस्या और समन्वित निकासी प्रक्रिया की कमी ने हालात और बिगाड़ दिए. विमान तीन मिनट से भी कम समय में समुद्र में डूब गया.
इसी हादसे के बाद दुनिया भर में उड़ानों से पहले यात्रियों को दिए जाने वाले सेफ्टी ब्रीफिंग, लाइफ जैकेट के इस्तेमाल का प्रदर्शन और इमरजेंसी एग्जिट की जानकारी अनिवार्य कर दी गई. आज हर विमान में टेकऑफ से पहले दिखाई जाने वाली सुरक्षा डेमो की शुरुआत इसी त्रासदी के बाद हुई.
मलबा नहीं निकाला जाएगा, बनेगा स्मारक
खोज दल ने स्पष्ट किया है कि विमान के मलबे को समुद्र से बाहर निकालने की कोई योजना नहीं है. जिस स्थान पर यह मिला है, उसे उन 52 लोगों की अंतिम विश्रामस्थली माना जा रहा है.
एयर/सी हेरिटेज फाउंडेशन अब प्यूर्टो रिको सरकार के साथ मिलकर इस स्थान को संरक्षित करने और हादसे में जान गंवाने वालों की याद में एक स्मारक बनाने की दिशा में काम कर रहा है. इस खोज की जानकारी हादसे से प्रभावित परिवारों और आज जीवित बचे दो लोगों तक भी पहुंचा दी गई है.
