भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जहीर अब्बास ने दोनों खिलाड़ियों का समर्थन किया है. उनका मानना है कि रोहित और विराट में अभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है और अगर वे फिट रहते हैं तो अगले वनडे वर्ल्ड कप में जरूर खेल सकते हैं.
उम्र नहीं, फिटनेस और प्रदर्शन है सबसे अहम
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जहीर अब्बास ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के लिए उम्र को आधार बनाकर फैसला नहीं किया जाना चाहिए. उनके अनुसार अगर खिलाड़ी फिट है और लगातार रन बना रहा है तो उसके लिए टीम में जगह हमेशा बनती है. जहीर ने कहा कि विराट और रोहित दोनों ही विश्व क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल हैं. उनके अनुभव का फायदा भारत को बड़े टूर्नामेंटों में जरूर मिलेगा.
विराट की फिटनेस की तारीफ, रोहित को दी सलाह
जहीर अब्बास ने विराट कोहली की फिटनेस की खुलकर तारीफ की. उनका कहना है कि विराट आज भी बेहतरीन शारीरिक स्थिति में हैं और लंबे समय तक खेल सकते हैं. वहीं रोहित शर्मा को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी बल्लेबाजी अब भी शानदार है, लेकिन उन्हें अपनी फिटनेस पर थोड़ा और ध्यान देना होगा. उनका मानना है कि फिट रहने पर रोहित भी 2027 वर्ल्ड कप तक आसानी से खेल सकते हैं.
भारत को मिलेगा अनुभव का फायदा
जहीर अब्बास का मानना है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत को रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से काफी फायदा होगा. बड़े टूर्नामेंट में दबाव झेलने का उनका अनुभव टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों खिलाड़ियों में मैच जिताने की क्षमता अब भी बरकरार है और ऐसे खिलाड़ी किसी भी टीम की सबसे बड़ी ताकत होते हैं.
रोहित की बल्लेबाजी के हुए मुरीद
रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर बात करते हुए जहीर अब्बास ने कहा कि हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ उनका शतक देखना बेहद शानदार अनुभव था. उन्होंने रोहित की टाइमिंग और सहज बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें बल्लेबाजी करते देखना आज भी उतना ही आनंददायक है जितना पहले हुआ करता था.
यह भी पढ़ें- 10 कैच छूटे और टीम इंडिया से फील्डिंग कोच का पत्ता साफ, अब कौन लेगा जगह?
साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अभी से चर्चाएं तेज हैं. ऐसे में जहीर अब्बास का यह बयान भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच नई बहस का विषय बन गया है.
यह भी पढ़ें- हरजिंदर और गुलवीर को रजत, मुक्केबाजों ने तीन और पदक पक्के किए
