यमन के समुद्री इलाके में मंगलवार को एक भारतीय जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. इससे वह पलटकर डूब गया. यमन के कोस्ट गार्ड्स ने सभी 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया है. भारत के शिपिंग मंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए, यह जानकारी साझा की है.
सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यमन के समुद्री इलाके के पास भारतीय एमएसवी फैज नूर ओलिया पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. इससे जहाज पलटकर डूब गया. उन्होंने कहा कि भारत बिना किसी उकसावे के बिना सुरक्षा वाले इस मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल पर हमले की कड़ी निंदा करता है.
सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता: सर्बानंद सोनोवाल
उन्होंने कहा, हमारे लोगों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. मुझे बताते हुए राहत मिल रही है कि यमन के कोस्ट गार्ड ने सभी 14 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया है. इनमें 13 भारतीय हैं. उन्हें सुरक्षित मोखा बंदरगाह पहुंचा दिया गया है.
हालांकि, बयान में यह नहीं बताया गया कि प्रोजेक्टाइल से किसने अटैक किया है. इससे पहले ईरान समर्थित हूती ग्रुप के लोगों ने यमन के पास जहाजों को निशाना बनाया है. यह ग्रुप देश के कुछ हिस्सों पर कंट्रोल रखता है.
विदेश मंत्रालय ने भी दिया बयान
वहीं, इस पूरे मामले पर विदेश मंत्रालय का बयान भी आया है. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 4 अगस्त 2026 को यमन के तट के पास लाल सागर (Red Sea) में भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक पोत MSV Faize Noore Oliya पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. इस हमले के बाद जहाज समुद्र में डूब गया. जहाज पर सवार सभी 13 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है. मंत्रालय के अनुसार, ‘रियाद स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है. चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमन के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है.’
यह भी पढ़ें – शिपकी-ला में नहीं होता करेंसी का इस्तेमाल, कैसे होता है बिजनेस?
