कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर खेले जा रहे वार्म-अप मैच के पहले दिन श्रीलंकाई XI के बल्लेबाजों का कमाल देखने को मिला, भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा एक भी विकेट नहीं ले सके. उम्मीद थी कि श्रीलंकाई XI को भारतीय गेंदबाज पहले दिन ही ऑलआउट कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. फील्डिंग में भी कमियां नजर आई, शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में कमान संभाल रहे केएल राहुल ने भी स्लिप में एक आसान कैच छोड़ा. वो तो भारतीय स्पिनर्स ने लाज बचा ली, नहीं तो स्थिति और भी खराब होती. रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट लिए, एक विकेट तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को मिला.
कोलंबो के एनसीए ग्राउंड पर खेले जा रहे वार्म-अप मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. भारतीय तेज गेंदबाज अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाए, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ओपनिंग जोड़ी को परेशान नहीं कर पाए. निशान फर्नांडोऔर रविन्दु रसंथा की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (110) की। फर्नांडो ने 66 और रसंथा ने 71 रन बनाए. दिन का पहला विकेट फर्नांडो के रूप में आया, वह रन आउट हुए थे.
इसके बाद रसंथा और पासिंदो (Pasindu Sooriyabandara) के बीच दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई, इस जोड़ी को रविंद्र जडेजा ने तोड़ा. उन्होंने पासिंदो (35) को बोल्ड किया. इसके बाद मानव सुथार ने रविंद्रू रसंथा को चलता किया, जिन्होंने 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 71 रन बनाए. तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने पवन रत्नायके (39) को कैच आउट कराया, जिन्होंने अपनी पारी में 2 छक्के जड़े.
यह भी पढ़ें- रिटायरमेंट के बाद अब इस T20 लीग में खेलेंगे अजिंक्य रहाणे, टीम ने किया एलान
श्रीलंकाई XI के कप्तान ने भी जड़ी फिफ्टी
इसके बाद छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए श्रीलंकाई XI के कप्तान सोनल दिनशा ने भी अर्धशतक जड़ा. सोनल ने 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 52 रन बनाए, उनके रूप में मानव सुथार ने दिन का आखिरी विकेट लिया. आखिरी आधे घंटे में भारतीय गेंदबाजों ने 2 विकेट लिए. सोनल से पहले रविंद्र जडेजा ने रमेश मेंडिस को आउट किया.
यह भी पढ़ें- घर पर हमले के बाद छलका शाकिब अल हसन का दर्द, कहा- ‘बांग्लादेश तभी लौटूंगा जब…’
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन
मोहम्मद सिराज ने 13 ओवरों में 44 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 8 ओवरों में 32 रन दिए, दोनों कोई विकेट नहीं ले पाए. रविंद्र जडेजा ने 15 ओवरों में 64 रन देकर 2 विकेट लिए. गुरनूर बरार ने 12 ओवरों में 49 रन दिए, उनके नाम 1 विकेट रहा.
कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट लिए. कुलदीप ने 18 ओवरों में 76 और मानव ने 13 ओवरों में 33 रन दिए. सारांश जैन के नाम भी कोई विकेट नहीं रहा, उन्होंने 11 ओवरों में 54 रन लुटाए.
