टीवी सीरियल्स की कहानी में इन दिनों एक के बाद एक बड़े ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं. कहीं रिश्तों में बढ़ती गलतफहमियां कहानी को नया मोड़ दे रही हैं, तो कहीं पुराने राज सामने आने से परिवार में हलचल मची हुई है. ‘अनुपमा’ में अनुपमा के सामने बड़ी चुनौती आने वाली है, वहीं ‘वसुधा’ में पुराने राज से पर्दा उठने वाला है. ‘गंगा माई की बेटियां’ में कुकिंग कॉम्पिटिशन के दौरान आग का हादसा होगा, जबकि ‘तुम से तुम तक’ में अनु के पकड़े जाने का खतरा बढ़ जाएगा. आने वाले एपिसोड्स में इन सभी शोज में खूब ड्रामा और नए ट्विस्ट देखने को मिलेंगे.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में वसुंधरा, अनुपमा पर कुकिंग कॉम्टिशन जानबूझकर हारने का दबाव बनाएगी, ताकि राही का घर और उसकी खुशी बची रहे. वो अनुपमा से स्टैंप पेपर पर लिखकर देने के लिए भी कहेगी. वहीं, प्रेम को राही की छिपाई हुई बातों का पता चलने पर दोनों के बीच तकरार बढ़ जाएगी. दूसरी ओर, अनुपमा एक महिला के साथ सरेआम मारपीट करने वाले उसके पति मुकेश के खिलाफ खड़ी होगी. वो उसे कड़ा सबक सिखाते हुए कहेगी कि औरत पर अत्याचार कोई निजी मामला नहीं है.
‘वसुधा’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ के आने वाले एपिसोड में वसुधा चौहान हाउस के अतीत से जुड़े राज का पता लगाने के लिए आधी रात मंडुआ गांव के रेलवे स्टेशन पहुंच जाएगी. इसके बाद वो एक पुराने कारखाने में जाती है, जहां उसे बेड़ियों में बंधी एक रहस्यमयी महिला मिलती है, जो वसुधा को देखते ही पहचान लेती है. वहीं, परिवार को मुसीबत से बचाने के लिए वसुधा एक साल के लिए चौहान हाउस छोड़ने का फैसला करती है. दूसरी ओर, करणवीर, देव और वसुधा पर तलाक का दबाव बना रहा है और धमकी दे रहा है कि अगर दोनों अलग नहीं हुए, तो वो उनकी शादी का वीडियो चंद्रिका के सामने दिखा देगा.
ये भी पढ़ें:-मंगलवार को ‘आवारापन 2’ ने रचा इतिहास, साउथ फिल्म भी चमकी, जानें ‘बंटवारा 1947’ का कलेक्शन
‘गंगा माई की बेटियां’
जी टीवी के शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में कुकिंग कॉम्पिटिशन के दौरान इंदुमती की चाल से बड़ा हादसा होने वाला है. गंगा माई जैसे ही गैस जलाने की कोशिश करेंगी, अचानक आग भड़क जाएगी और वो मुश्किल में फंस जाएगी. इस दौरान स्नेहा अपनी मां को बचाने के लिए आगे आएगी. वहीं, दूसरी तरफ सहाना मुरली के सामने विनीता जी और माजी के धोखे का सच बताने का फैसला करेगी. ऐसे में शो में एक साथ कई नए ट्विस्ट देखने को मिलेंगे.
‘तुम से तुम तक’
टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ के आने वाले एपिसोड में अनु, आर्या और राजनंदिनी के अतीत का सच जानने के लिए चुपके से बंद कमरे में पहुंचती है. वहां उसे कुछ ग्रीटिंग कार्ड्स और उनकी पुरानी लव स्टोरी से जुड़े सुराग मिलते हैं. इसी दौरान अनु ‘तुम से तुम तक’ किताब पढ़ने लगती है, तभी आर्या की अचानक आंख खुल जाती है और वो अनु को आवाज देने लगता है. आर्या की आवाज सुनकर अनु घबरा जाती है, क्योंकि उसने उसे उस कमरे में जाने से मना किया था. अब अनु के पकड़े जाने का डर बढ़ गया है और अगर आर्या को उसकी सच्चाई पता चलती है, तो दोनों के बीच भरोसे की मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें:-‘गदर 2’ से पहले 56 करोड़ रुपये के कर्ज में डूबे थे सनी देओल, अब एक्टर बोले- ‘मैंने किसी से उधार…’
