बिहार में TRE-4 के अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने मंगलवार (25 अगस्त, 2026) छात्रों की मांगों को लेकर सरकार का पक्ष रखा है. नालंदा यूनिवर्सिटी में संसदीय स्थायी समिति की बैठक में पहुंचे मनोज तिवारी ने कहा कि छात्रों का कोई भी मुद्दा होगा तो उसे सुना जाएगा और सरकार समाधान निकालने का प्रयास करेगी.
उन्होंने कहा, “कोई भी मुद्दा होगा तो उसको सुना जाएगा. जो भी मुद्दा हो उसे शांति से बताना चाहिए. सरकार हर मुद्दे को सुनेगी और उसका समाधान निकालेगी.”
यह भी पढ़ें-पटना: छात्रों पर लाठीचार्ज से रोहिणी आचार्य आग बबूला, बोलीं- ‘सम्राट सरकार…’
बिहार में TRE-4 से जुड़े अभ्यर्थी परीक्षा प्रक्रिया, नेगेटिव मार्किंग, डोमिसाइल समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. छात्र लगातार सरकार से अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इसी बीच मनोज तिवारी का बयान सामने आया है. उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं को सुनेगी.
नालंदा में पर्यटन कॉरिडोर पर चर्चा
नालंदा यूनिवर्सिटी में हुई संसदीय स्थायी समिति की बैठक में करीब 18 सांसदों के शामिल होने की बात जेडीयू सांसद संजय झा ने कही. उन्होंने बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कॉरिडोर विकसित करने की योजना का जिक्र किया. संजय झा ने नालंदा यूनिवर्सिटी की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अब 1000 से ज्यादा विद्यार्थी हैं और इसकी वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हो रही है.
उन्होंने नालंदा यूनिवर्सिटी को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि लंबे अंतराल के बाद नालंदा में फिर से ज्ञान और शिक्षा की वैश्विक पहचान बनी है.
बोधगया में हुई पर्यटन पर अहम बैठक
संसदीय स्थायी समिति की बैठक बोधगया में भी आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति से संबंधित संसदीय स्थायी समिति ने की. बैठक में बिहार में पर्यटन विकास से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की परियोजनाओं की समीक्षा की गई. पर्यटकों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई. केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने चल रही योजनाओं पर प्रस्तुति दी.
गयाजी-बोधगया कॉरिडोर और मिथिला हाट पर फोकस
बैठक में गयाजी और बोधगया में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कॉरिडोर पर खास चर्चा हुई. इसके अलावा ‘मिथिला हाट’ की सफलता और इसी मॉडल पर बिहार के दूसरे हिस्सों में हाट विकसित करने की योजना की जानकारी भी दी गई. बैठक में सांसदों ने पर्यटन से जुड़ी कई अहम सुझाव और निर्देश दिए. विभिन्न विभागों और गयाजी जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
वहीं कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने नालंदा यूनिवर्सिटी पहुंचने को शानदार अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में जाना अपने आप में खास अनुभव होता है और नालंदा यूनिवर्सिटी का कैंपस बेहद शानदार बना है.
यह भी पढ़ें- 4.5 लाख में नवजात की डील! पैसों पर अटकी बात तो खुला बच्चा बेचने का राज
