Headlines

सस्ती चीनी के लिए हुआ हवन, मंत्रों में मांगा ऐसा वरदान कि लोटपोट हुए लोग


देशभर में चीनी के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिसकी वजह से हर आम नागरिक परेशान है. रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों के दाम बढ़ने से घर का बजट बिगड़ रहा है और लोग महंगाई को लेकर सोशल मीडिया पर भी अपना गुस्सा और परेशानी जाहिर करते रहते हैं. इसी बीच इन दिनों एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर किसी की हंसी छूट जाएगी.

इस वीडियो में कुछ लोग चीनी के दाम कम करवाने के लिए विधि-विधान से हवन करते हुए नजर आ रहे हैं. महंगाई से परेशान लोगों ने इस समस्या का हल निकालने के लिए एक अनोखा और मजेदार तरीका अपनाया है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हो रहे हैं और हंस भी रहे हैं.

हवन में पंडित जी ने बोले मजेदार मंत्र

वीडियो में कुछ लोग जमीन पर बैठकर हवन कुंड के सामने विधिवत हवन करते नजर आ रहे हैं. उनके पीछे बैठे बाकी लोग हर मंत्र के बाद जोर से स्वाहा बोलते हैं. पंडित जी सबसे पहले मंत्र बोलते हैं कि चीनी बीस रुपया किलो हो जाए, ओम स्वाहा. इसके बाद वे आगे बोलते हैं कि जो भी चीनी को महंगा करे उसे अटैक पड़ जाए, ओम स्वाहा. फिर एक और मजेदार मंत्र में कहा जाता है कि जो चीनी सस्ती करे उसके पांच बच्चे हों वो भी पांच अलग- अलग पत्नी से. हर मंत्र के बाद पीछे बैठे सभी लोग एक साथ जोर से स्वाहा बोलते हैं और हवन कुंड में आहुति डालते रहते हैं. पूरे वीडियो में लोगों के चेहरे पर गंभीरता भी है और मस्ती भी, जिस वजह से यह वीडियो देखने वालों को खूब पसंद आ रहा है. 

यह भी पढ़ेंः तबाही से पहले की शांति! लैंड स्लाइड से कैसे तहस-नहस हुआ नेपाल? देखें वीडियो

वीडियो पर लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं

इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब मजे लिए हैं. ज्यादातर लोगों ने इस वीडियो को महंगाई पर एक शानदार और हल्का-फुल्का व्यंग्य बताया है. कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि आजकल महंगाई से बचने का यही एक तरीका बचा है, तो कुछ लोगों ने मजाक में लिखा कि अगली बार पेट्रोल और सब्जियों के दाम कम करवाने के लिए भी ऐसा ही हवन होना चाहिए. कुछ लोगों ने इसे देसी अंदाज में महंगाई पर तंज कसने का तरीका बताया, तो वहीं कई लोगों ने हंसी वाले इमोजी डालकर अपनी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने इसे शेयर करते हुए लिखा कि गांव के लोगों का यह अंदाज देखकर पूरा दिन बन गया. कुल मिलाकर ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. 

यह भी पढ़ेंः  यह कैसी सादगी? लंदन में अकबरुद्दीन ओवैसी की बेटी की शादी, भड़के यूजर्स





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *