हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के तीसरे दिन कैराना से सपा सांसद इकरा हसन पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव बनतीखेड़ा पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने अंकित के पिता सतवीर सिंह की फोन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बात कराई.
अखिलेश यादव ने फोन पर अंकित के पिता को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी न्याय की लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मामले को हर स्तर पर उठाया जाएगा. वहीं, सांसद इकरा हसन ने हत्याकांड को लेकर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े प्रशासन की नाक के नीचे इतनी बड़ी वारदात हुई, लेकिन घटना के तीसरे दिन तक पुलिस के हाथ खाली हैं.
लोकप्रिय युवा गायक स्व. अंकित बालियान के दुखी पिता से बात करके हमने उन्हें ये आश्वासन दिया कि इंसाफ़ की इस लड़ाई में हम हर क़दम पर उनके साथ हैं।
रक्षाबंधन के ठीक पहले जिन बहनों ने अपना भाई खोया है और माता-पिता ने पुत्र उनका दुख अपार है। बालियान समाज भी अपने उभरते हुए सितारे को… pic.twitter.com/rGEVGmhFlW
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 28, 2026
‘प्रशासन के खिलाफ देंगे धरना’
इकरा हसन के मुताबिक, पुलिस ने चार दिन के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि अगर चौथे दिन तक मामले का खुलासा नहीं हुआ तो परिवार जैसा फैसला करेगा, वह उसके साथ खड़ी रहेंगी. जरूरत पड़ी तो प्रशासन के खिलाफ धरना भी दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: बस्ती: राज किशोर सिंह ने मुस्लिम बहनों संग मनाई राखी, नेपाल पीड़ितों को भेजा शगुन!
पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
सपा सांसद ने वारदात के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि घटना के बाद आरोपियों की दो बाइकें मौके से कैसे निकल गईं और तत्काल पूरे जिले में नाकाबंदी क्यों नहीं की गई?
शव को मॉर्चरी ले जाने के तरीके पर भी सवाल
इकरा हसन ने शव को मॉर्चरी ले जाने के तरीके पर भी सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि परिजनों को सूचना दिए बिना सिविल ड्रेस में दो लोग शव को सीधे मॉर्चरी लेकर क्यों चले गए?
सांसद ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद अगर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं तो प्रशासन को इन सभी सवालों का जवाब देना होगा. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव स्तर पर आवाज उठाने की बात कही.
ये भी पढ़ें: ‘आपके गुंडे यूपी की बहनों को..’, ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला
