समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बसों की कमी और सीट नहीं मिल पाने की खबरों को लेकर सीएम योगी पर निशाना साधा और कहा कि “रावण ने भी अपनी बहनों को इतना धोखा नहीं दिया होगा, जितना भाजपा ने दिया है.”
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक पर प्रयागराज बस अड्डे का एक वीडियो शेयर किया, इसमें कीचड़ से भरा बस अड्डा दिखाई दे रहा है और रक्षाबंधन के दिन लोग कथित तौर पर बसों के लिए परेशान होते नजर आ रहे हैं. सपा मुखिया ने दावा किया कि रक्षाबंधन पर राज्यभर में महिलाओं ने बसों की अनुपलब्धता, सीट नहीं मिलने और निर्धारित स्थानों पर बसों के नहीं रुकने की शिकायत की.
सीएम योगी पर साधा निशाना
पूर्व सीएम ने ‘एक्स’ पर लिखा, “भाजपा अब चाहे कितनी भी कीचड़ फैला दे अब उसका कमल नहीं खिलेगा. बहनों के साथ धोखा तो रावण ने भी नहीं किया था. अधर्मी भाजपा और उनके संगी-साथी तो दशानन से बड़े झूठे निकले क्योंकि ये दस से भी अधिक मुख से दस गुना झूठ बोलते हैं. रावण ने तो केवल एक बार भेष बदलकर छल किया था, ये तो निरंतर उसी भेष में रहकर छलते-ठगते हैं. भाजपा जाएगी, फिर कभी नहीं आएगी.”
‘महंगाई अब डार्लिंग है…’, CNG की बढ़ती कीमत पर बोली AIMIM
महिलाओं को बसें नहीं मिल पाने का आरोप
अखिलेश यादव ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें महिलाओं ने आरोप लगाया कि मुफ्त बस यात्रा की घोषणा के बावजूद बसें उपलब्ध नहीं थीं, सीटें नहीं मिल रही थीं और कुछ बसें निर्धारित स्थानों पर कथित तौर पर इसलिए नहीं रुक रही थीं ताकि महिलाओं को मुफ्त में यात्रा कराने से बचा जा सके.
योगी सरकार की तरफ से दावा किया गया है कि रक्षाबंधन के अवसर पर निःशुल्क बस यात्रा से 45 लाख से अधिक महिलाओं ने सफर किया है. बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए 27 अगस्त की मध्यरात्रि से शुक्रवार मध्यरात्रि तक यूपी रोडवेज बसों में महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले एक व्यक्ति के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की थी. सरकार ने परिवहन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन को महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए थे.
