पटना के मशहूर कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर पर लगातार उलझनें बढ़ रही हैं. एक हफ्ते पहले उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने कथित तौर पर अपनी एक दोस्त के साथ खान सर के अवैध संबंध का आरोप लगाया था. महिला ने निखिल कोचिंग का भी जिक्र किया था. अब निखिल कोचिंग के संचालक निखिल कुमार उर्फ रंजीत सिंह ने मीडिया के सामने आकर कहा है कि फैजल खान का चरित्र सही नहीं था. उन्होंने जांच की मांग की है.
आरोप लगाने वाली महिला 2017 में पटना में रहकर पढ़ती थी. पीरबहोर थाना में इसको लेकर एक सप्ताह पहले पीड़ित महिला ने शिकायत भी की थी. महिला ने आरोप लगाया कि 2017 में उसकी दोस्त से खान सर के अवैध रिश्ते थे. पीड़ित महिला ने इसी को लेकर बताया था कि खान सर के इशारे पर जहां वह पहले पढ़ती थी निखिल कोचिंग के द्वारा FIR भी कराया गया था.
फैजल खान का नार्को टेस्ट हो- निखिल कुमार
निखिल कोचिंग के मालिक निखिल कुमार उर्फ रंजीत सिंह ने आज (29 अगस्त) मीडिया के सामने आकर बयान दिया कि कैसे मेरे बिना जानकारी के फैजल खान ने FIR करवाया था. उन्होंने कहा, ”फैजल खान हमारे निखिल कोचिंग में पढ़ने वाले एक शिक्षक थे. उनका चरित्र सही नहीं था, जिस कारण से कई विवादों में वह पहले फंसे हैं. निखिल कुमार ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि इस मामले की जांच की जाए और फैजल खान का नार्को टेस्ट कराया जाए, तब सच सामने आएगा.
2019 में खान सर ने मेरे कोचिंग को हथिया लिया- निखिल
निखिल कुमार ने आगे कहा, ”खान सर 2015 में पटना आए थे और कई जगह वह कोचिंग में पढ़ाते थे. कई जगह उन्होंने मार भी खाई थी. 2017 में वह मेरे पास आए थे. हमने उन्हें अपने कोचिंग में पढ़ाने दिया था लेकिन उनका चरित्र ठीक नहीं था. कई लड़कियों से उनका अवैध संबंध था. 2019 में गलत तरीके से उन्होंने मेरे कोचिंग को हथिया लिया. आज भी खान ग्लोबल स्टडीज में जहां वह पढाते हैं, उसमें बिजली का मीटर मेरे नाम का है. हमने उन्हें रास्ता दिखाया और उन्होंने हमारे साथ-साथ कई छात्राओं का भी जीवन बर्बाद किया है.”
पुलिस को हम बहुत सारे साक्ष्य भी देंगे- निखिल कुमार
निखिल कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार पुलिस से आग्रह किया कि इस पर सही तरीके से जांच की जाए. आवेदन देने के बाद भी अभी तक पुलिस ने जांच नहीं की है. अगर पुलिस मेरे पास आएगी तो हम बहुत सारे साक्ष्य भी देंगे.
बता दें कि कुछ दिनों पहले महिला ने खान सर पर आरोप लगाते हुए कहा था कि खान सर मेरे दोस्त के रूम में कई घण्टों तक साथ रहते थे. वह उसके रूम पर आते थे. इसका विरोध पीड़ित महिला करती थी, जिससे खान सर नाराज थे और इसको लेकर कई बार उन्हें फंसाने और धमकाने की कोशिश भी की. एक सप्ताह पहले पीड़ित महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत की है.
