Headlines

ताशकंद पहुंचे PM मोदी: उज्बेक राष्ट्रपति ने गर्मजोशी से किया स्वागत


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (29 अगस्त, 2026) को अपने दो दिवसीय राजकीय दौरे पर उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे हैं. ताशकंद पहुंचने पर खुद उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से गले लगाकर स्वागत किया. राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की तरफ से किए गए इस ग्रैंड वेलकम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह से गदगद हो गए. उन्होंने अपने स्वागत के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार जताते हुए कहा कि यह भारत और उज्बेकिस्तान के गहरे और तेज गति से बढ़ रहे द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है.

वहीं, पीएम मोदी ने ताशकंद स्थित होटल में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी काफी संख्या में शामिल रहे. भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी के स्वागत में जमकर ‘मोदी.. मोदी..’, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष लगाए. इतना ही नहीं, भारतीय समुदाय की महिलाओं ने पीएम मोदी से हाथ पर राखी भी बांधी.  

भारतीय समुदाय के लोगों से मिलकर क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करने के बाद एक्स पोस्ट में कहा, ‘ताशकंद में भारतीय समुदाय से मिले प्यार और अपनेपन से अभिभूत हूं. हमारा प्रवासी भारतीय समुदाय भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक जीता-जागता सेतु है, जो दोनों देशों के बीच दोस्ती के रिश्तों को और ज्यादा मजबूत कर रहा है.’

ताशकंद यात्रा पर भारत-उज्बेकिस्तान के संबंधों को मजबूत करेंगे PM मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताशकंद के अपने दो दिवसीय राजकीय दौरे के दौरान उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक करेंगे. इस बेहद महत्वपूर्ण बैठक के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को और ज्यादा मजबूत करने की दिशा में विस्तृत रूप से उच्च स्तरीय बातचीत करेंगे.

इसके अलावा, दोनों देशों के नेता व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के आपसी जुड़ाव जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे और भविष्य में किए जाने वाले कामों और सहयोगों को लेकर एजेंडा तय करेंगे.  

शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र भी जाएंगे पीएम मोदी

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ताशकंद में स्थित शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज स्थित महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा करेंगे. पीएम मोदी ने कहा कि ये दोनों देशों के बीच के मजबूत सांस्कृतिक और लोगों के बीच संबंधों के प्रतीक हैं. उन्होंने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच सभ्यतागत और जनस्तरीय संबंध लंबे वक्त से चले आ रहे हैं.

अपनी दो दिवसीय ताशकंद यात्रा पर जाने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यात्रा के दौरान मध्य एशिया के साथ भारत के रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के साथ ट्रेड, इंवेस्टमेंट, डिजिटल कनेक्शन, डिफेंस और एनर्जी समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी. 

यह भी पढ़ेंः Video: PM मोदी को उज्बेक युवाओं ने हिंदी में भेजा मैसेज, ‘हम बेसब्री से…’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *