प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिन के दौरे पर उज़्बेकिस्तान गए हैं. जहां उन्होंने उज़्बेकिस्तान योग फेडरेशन की ओर से आयोजित एक योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान पीएम मोदी लोगों को योगा करवाते हुए नजर आए. प्रधानमंत्री के दौरे का मुख्य मकसद भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच रिश्तों को और मजबूत करना है. योग कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पीएम मोदी आज उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे.
दोनों नेताओं के बीच होने वाली इस बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और आपसी सहयोग के कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने पर भी जोर दिया जा सकता है. प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत मध्य एशिया के देशों के साथ अपने संबंधों को लगातार मजबूत करने पर जोर दे रहा है. उज़्बेकिस्तान इस क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है.
#WATCH | Tashkent, Uzbekistan: Prime Minister Narendra Modi participates in a yoga programme organised by the Yoga Federation of Uzbekistan
PM Modi is on a two-day state visit to Uzbekistan. Later today, the Prime Minister will hold delegation-level talks with President Shavkat… pic.twitter.com/crHBw5ic7Y
— ANI (@ANI) August 30, 2026
उज़्बेक संस्कृति की शानदार झलक
उज़्बेकिस्तान के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताशकंद में भारतीय और उज़्बेक संस्कृति की शानदार झलक देखी. प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कथक और अंदिजान पोल्का डांस का आनंद लिया. कार्यक्रम के दौरान उज़्बेकिस्तान के छोटे बच्चों ने मशहूर हिंदी गीत ‘उड़े जब-जब जुल्फें तेरी’ पर खूबसूरत डांस पेश किया. बच्चों की इस प्रस्तुति को प्रधानमंत्री मोदी ने देखा और कार्यक्रम का आनंद लिया.
तबले और पारंपरिक उज़्बेक वाद्य यंत्रों का संगम
प्रधानमंत्री ने संगीत की खास प्रस्तुति भी देखी. इसमें भारतीय तबले के साथ उज़्बेकिस्तान के पारंपरिक वाद्य यंत्र दोइरा और चांग का इस्तेमाल किया गया. भारतीय और उज़्बेक संगीत के इस मेल ने कार्यक्रम में दोनों देशों की सांस्कृतिक नजदीकी की खूबसूरत तस्वीर पेश की.
