Headlines

लखनऊ: युवक की चाकू से गोदकर हत्या, खेत के पास लहूलुहान हालत में मिला शव


लखनऊ में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. वारदात महिंगवां थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव की है. करीब 25 वर्षीय सतीश यादव गांव के बाहर खेत के पास गंभीर हालत में पड़ा मिला था. उसके शरीर पर चाकू से कई गहरे वार के निशान थे. 

सोमवार देर रात करीब पौने दो बजे एक ग्रामीण की नजर सतीश पर पड़ी. वह खून से लथपथ और बेसुध हालत में पड़ा था. ग्रामीण ने तुरंत उसके परिवार को सूचना दी. खबर मिलते ही सतीश के पिता शिवबालक यादव और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों और पुलिस ने सतीश को इलाज के लिए केजीएमयू अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद सतीश ने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

चाकू से किए गए कई वार

पुलिस के मुताबिक सतीश के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की है.

डीसीपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि गणेशपुर में सतीश यादव पर चाकू से हमले की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई.

हत्या की वजह अभी साफ नहीं

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है और हमलावरों की पहचान भी नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं.

राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार यूपी आए हरीश ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *