- SC-ST आयोग ने राजा वडिंग मामले में पुलिस को फटकारा
- आयोग ने पांच दिन में कार्रवाई करने का दिया अल्टीमेटम
- राजा वडिंग की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
पंजाब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. उनके खिलाफ अब तक एक्शन न होने पर SC-ST आयोग बेहद सख्त नजर आ रहा है. इसके लिए आयोग ने पंजाब पुलिस की फटकार लगा दी है. दरअसल पूर्व गृहमंत्री बूटा सिंह के लिए गलत शब्दावली इस्तेमाल करने को लेकर नेशनल SC-ST कमिशन सख्त हो गया है. SC-ST आयोग ने कहा, ” मामले पर 5 दिन में एक्शन हो.”
SC-ST आयोग ने पंजाब पुलिस पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आयोग ने पूछा, “अभी तक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?” आयोग ने आगे चेतावनी दी है कि पांच दिन के अंदर अगर करवाई नहीं हुई तो आयोग पुलिस के खिलाफ करवाई करेगा. इस मामले पर अब आयोग का लिखित आदेश आना बाकी है.
पंजाब पुलिस ने दर्ज किया था वडिंग के खिलाफ केस
पंजाब पुलिस ने राजा वडिंग के खिलाफ 4 नवंबर 2025 को कपूरथला में केस दर्ज किया था. राजा वडिंग पर दिवंगत कांग्रेसी नेता बूटा सिंह के बारे गलत शब्दावली इस्तेमाल करने का आरोप है. नेशनल SC-ST आयोग ने इसका संज्ञान लिया था. सोमवार (31 अगस्त) को पंजाब पुलिस के सीनियर अधिकारियों को केस की प्रोग्रेस जानने के लिए तलब किया गया था.
आयोग ने पुलिस को करारी फटकार लगाते हुए पूछा कि अभी तक नामज़द आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? पुलिस के अफसरों ने आयोग को बताया, “फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतज़ार है.” इस पर आयोग ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया और करवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी. आयोग के लिखित आदेश आने के बाद इस मामले पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आदेश आना बाकी है.
सोमवार (31 अगस्त) को इस मामले पर आयोग में सुनवाई हुई. इस दौरान पूर्व मंत्री बूटा सिंह के बेटे भी मौजूद रहे. पंजाब पुलिस के डीएसपी समेत कई आला अधिकारी भी सुनवाई में शामिल रहे. बता दें कि वडिंग ने साल 2025 में तरनतारन में एक चुनावी सभा के दौरान दिवंगत नेता के खिलाफ टिप्पणी की थी.
