Headlines

‘सनातन में वसुधैव कुटुंबकम…’, सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण पर अखिलेश यादव का बयान


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग दूसरे धर्मों का सम्मान नहीं करते और दूसरों की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं, वे कभी सच्चे सनातनी नहीं हो सकते.

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कोई सच्चा सनातनी कभी दूसरे धर्म का मजाक नहीं उड़ाएगा और न ही उसका अनादर करेगा. उन्होंने कहा कि सनातन में ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना है, जिसका अर्थ है कि पूरा विश्व एक परिवार है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि सच्चे सनातनी सौहार्द पसंद लोग होते हैं और समाज में सौहार्द बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सहारनपुर में मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई सरकार के इशारे पर की गई है.

इसके साथ ही सपा चीफ अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि ये इसलिए हो रहा है क्योंकि भगवान प्रभु श्रीराम के धन में चोरी करते हुए ये लोग पकड़े गए हैं. चढ़ावे की चोरी में ये लोग पकड़े गए. SIT बनाकर जेल भेजने की बात से इनका सब कुछ छिन गया. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को सच्चाई पता चल चुकी है, इसलिए मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है.

क्या इस मामले में हाई कोर्ट से न्याय नहीं मिल सकता था?- अखिलेश

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस मामले में हाई कोर्ट से न्याय नहीं मिल सकता था? क्या संबंधित पक्ष सुप्रीम कोर्ट में अपील नहीं कर सकता था? अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने सरकार के इशारे पर कार्रवाई की, ताकि संबंधित लोगों को अगली अदालत में न्याय पाने का मौका न मिल सके. सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को सभी धर्मों की आस्था और धार्मिक स्थलों का सम्मान सुनिश्चित करना चाहिए तथा किसी भी कार्रवाई में कानून और संवैधानिक प्रक्रिया का पालन होना चाहिए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *