उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच सोशल मीडिया पर परस्पर बयानबाजी जारी है. इसी क्रम में ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है, जिसमें उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जा श्री कृष्ण कहने की हिम्मत नहीं जुटा सके.
अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ओम प्रकाश राजभर ने निशाना साधते हुए लिखा, “अखिलेश जी, कम से कम भगवान कृष्ण के तो बनकर रहिए भाई. आपका एक इंटरव्यू देखा. पत्रकार ने सीधा सवाल पूछा- जय श्री राम बोलूं या जय श्री कृष्ण? सवाल साफ़ था लेकिन आपने तड़ाक से बात ही बदल दी. माइक पर एक बार भी जय श्री राम या जय श्री कृष्ण बोलने की हिम्मत नहीं जुटा सके.”
यह भी पढ़ें: सहारनपुर कलेक्ट्रेट में मस्जिद पर एक्शन, बुलडोजर से किया ध्वस्त
18% वोट के डर का दावा
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राज भर ने आगे लिखा, “कैसे खुद को यदुवंशी कहते हैं महाराज? इतना भी क्या 18% वोट का डर कि अपने भगवान का नाम तक खुलकर न ले सको? उनके दर्शन करने, उनकी जन्मस्थली तक न जा सको? यही हाल रहा तो आपकी अपनी बिरादरी भी एक दिन पूछ बैठेगी कि क्या आप लोग वाकई यदुवंशी हैं? सच तो ये है कि आपका मन केवल एक ही तरफ लगता है. तभी तो पैगम्बर-ए-इस्लाम के जन्मोत्सव पर लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम की सफलता की कामना आप खुलकर करते हैं. टोपी तक लगा लेते हैं. सही बात तो ये है कि आप न राम के हुए, न कृष्ण के और न ही यदुवंश के. अरे महाराज, किसी के तो सगे बन जाइए!.”
जन्माष्टमी की दीं शुभकामनाएं
अंत में ओम प्रकाश राज भर ने कहा कि खैर, आपको कृष्ण जन्माष्टमी की अनंत शुभकामनाएं. उम्मीद है कि किसी दिन आपका जमीर जगेगा और आप भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर की मांग का समर्थन करेंगे. किंतु ये तभी होगा जब भगवान श्रीकृष्ण की आप पर कृपा होगी. जय श्री राम. जय श्री कृष्ण. जय परशुराम . जय महाराजा सुहेलदेव. जय सुभासपा. जय सनातन.
यहां बता दें कि ओम प्रकाश राजभर इससे पहले भी लगातार सपा और अखिलेश यादव को टारगेट करते रहे हैं,जिस तरह वे बेहद निजी विषयों पर टिप्पणी कर रहे हैं, दोनों के बीच बेहद तल्खी बढ़ चुकी है. अब देखना ये होगा कि अखिलेश यादव और सपा इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है.
यह भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर सपा का ‘PDA पाठशाला’ अभियान, 75 जिलों में चला कार्यक्रम
