Headlines

‘आप हमेशा याद आएंगे भैया’, सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से टूटे CM हेमंत सोरेन


झारखंड सरकार में मंत्री और गिरिडीह से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड की राजनीति में शोक की लहर है. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा और सरकार के कई नेताओं ने दुख जताया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उनका जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पोस्ट कर लिखा, “देर रात अपने बड़े भाई, हमारे प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू जी के निधन का दुःखद समाचार मिला. इस खबर को स्वीकार कर पाना मेरे लिए बेहद कठिन है. सोनू भैया का जाना मेरे जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं.”

उन्होंने कहा, “सोनू भैया मेरे लिए सिर्फ एक वरिष्ठ साथी या राजनीतिक सहकर्मी नहीं थे. वे बड़े भाई की तरह थे, स्नेह देने वाले, मार्गदर्शन करने वाले और हर कठिन समय में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले. उनके साथ बिताए पल और उनसे मिली सीख हमेशा मेरे साथ रहेंगी.”

झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, देर रात पड़ा दिल का दौरा

‘झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक समर्पित सिपाही’

मुख्यमंत्री आगे कहा, “झारखंड आंदोलन के दौर से ही वे स्मृति-शेष बाबा दिशोम गुरुजी के साथ पूरी निष्ठा और मजबूती से खड़े रहे. झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक समर्पित सिपाही के रूप में उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई को समर्पित किया. झारखंडियत के प्रति उनका समर्पण और उनकी जुझारू भावना हमेशा याद की जाएगी. आज उन्हें याद करते हुए मन बार-बार यही सोचता है कि ज़िंदगी कितनी क्षणभंगुर है. कल तक जो आवाज हमारे बीच थी, आज वह सिर्फ स्मृतियों में रह गई है. सोनू भैया, आपका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. आपकी कमी हमेशा महसूस होगी. आपके स्नेह, आपके संघर्ष और झारखंड के लिए आपकी प्रतिबद्धता को मैं जीवनभर अपने साथ लेकर चलूंगा. आप हमेशा याद आएंगे भैया”

इस क्षति की भरपाई कर पाना मुश्किल होगा- मनोज पांडे

JMM नेता मनोज पांडे ने झारखंड सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर कहा, “सुदिव्य कुमार सोनू व्यक्तिगत तौर पर मेरे मित्र भी थे. हमें विश्वास नहीं होता कि वे हमें छोड़कर चले गए. संपूर्ण झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड, सरकार, सभी की अपूरणीय क्षति है. इस क्षति की भरपाई कर पाना मुश्किल होगा. सुदिव्य कुमार सोनू ने अपने अल्पकाल में ही राजनीति में सुचिता की लंबी लकीर खींची थी, आने वाले लोग वर्षों तक उन्हें याद करेंगे.”

उनका जाना मेरे लिए निजी क्षति- दीपिका पांडे सिंह

ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री, महगामा विधायक दीपिका पांडे सिंह ने कहा, “आज की सुबह की शुरुआत बेहद दुखद खबर के साथ हुई. हमारे साथी मंत्री रहे, भाई सुदिव्य सोनू जी अब हमारे बीच नहीं हैं. इस खबर पर विश्वास नहीं हो रहा है. उनका अचानक चले जाना मेरे लिए एक निजी क्षति है. उनका सहज स्वभाव, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा स्मरण रहेगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. भावपूर्ण श्रद्धांजलि. ॐ शांति.”

झारखंड SIR: 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश, क्या है पूरा मामला?

सीता सोरेन ने जताया दुख

दुमका की पूर्व विधायक सीता सोरेन ने कहा, “अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक समाचार!! झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू जी के आकस्मिक निधन की खबर ने पूरे झारखंड को स्तब्ध और मर्माहत कर दिया है. हृदयाघात के कारण उनका असमय चले जाना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार एवं उनके समर्थकों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति.”





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *