- कुछ राज्यों में मतभेद के बावजूद इंडिया गठबंधन मजबूत बना हुआ है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव और लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल ने 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेतृत्व और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर रविवार (6 सितंबर, 2026) को बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ही 2029 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन का नेतृत्व करेंगे.
इसके साथ ही, उन्होंने उन सभी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें टीवीके ने अपने नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को गठबंधन की तरफ से पीएम पद का उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव दिया है.
TVK चीफ विजय की उम्मीदवारी पर बोले वेणुगोपाल
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केरलम में त्रिशूर में पत्रकारों से बातचीत में जब कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से टीवीके प्रमुख के पीएम उम्मीदवारी को लेकर सवाल किया गया, तब उन्होंने कहा, ‘टीवीके ने ऐसी कोई मांग नहीं की है. किसी को भी इस तरह का भ्रम पैदा नहीं करना चाहिए. राहुल गांधी ही इंडिया गठबंधन का चेहरा होंगे.’
उन्होंने कहा, ‘छात्रों, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी के राजनीतिक अभियानों को पूरे देश में व्यापक ध्यान मिला है. आज भारत मे सबसे ज्यादा चर्चा उसी लड़ाई की हो रही है, जिसका नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं. चाहे वह छात्रों, किसानों या युवाओं के लिए हो, सभी ने इसे स्वीकार किया है.’
हर कोई राहुल के काम पर ध्यान दे रहा- केसी वेणुगोपाल
वहीं, जब राहुल गांधी के अगले आम चुनाव में नेतृत्व को लेकर सवाल किया गया, तब उन्होंने कहा, ‘निश्चित रूप से राहुल गांधी ही विपक्षी इंडिया गठबंधन का नेतृत्व करेंगे. राहुल गांधी आज भारत की जनता के सबसे प्रमुख और लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं. हर कोई राहुल गांधी के फैसलों और उनके कामों पर बहुत ध्यान दे रहा है.’
उन्होंने कहा, ‘कुछ राज्यों में गठबंधन के घटक दलों के बीच मतभेद होने के बावजूद इंडिया गठबंधन मजबूत बना हुआ है. इंडिया गठबंधन आगे बढ़ रहा है. कुछ राज्यों में ऐसे मुद्दे हैं, जहां हम एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. इसके बावजूद गठबंधन ही आगे बढ़ रहा है. यही सच है.’
यह भी पढ़ेंः निजीकरण की खबरों पर ISRO का आया रिएक्शन, कहा – ‘यह पूरी तरह से…’
