शिक्षक दिवस के मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला अंदाज सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ओम बिरला अपने उन पुराने गुरुजनों से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं, जिन्होंने कभी उन्हें पढ़ाया और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी थी. खास बात यह रही कि देश की संसद के सर्वोच्च पदों में से एक पर पहुंचने के बावजूद ओम बिरला अपने शिक्षकों के सामने बिल्कुल एक आम शिष्य की तरह नजर आए. उन्होंने अपने पुराने गुरुजनों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और झुककर आशीर्वाद लिया. वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं.
कक्षा 5 में पढ़ाने वाले शिक्षक से फिर हुई मुलाकात
ओम बिरला ने शिक्षक दिवस पर अपने विद्यालय के गुरुजन श्री नारायण उपाध्याय जी और श्री आर.पी. गुप्ता जी से मुलाकात की. उन्होंने दोनों शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और उनकी कुशलक्षेम जानी. ओम बिरला ने अपनी पोस्ट में बताया कि श्री नारायण उपाध्याय जी ने उन्हें कक्षा 5 में पढ़ाया था. आज 97 वर्ष की उम्र में भी उनका स्नेह और आशीर्वाद ओम बिरला के लिए बेहद अनमोल है. मुलाकात के दौरान ओम बिरला ने अपने पुराने शिक्षक के साथ बिताए बचपन के दिनों को भी याद किया.
हायर सेकेंडरी में पढ़ाया, आगे बढ़ने की दी प्रेरणा
ओम बिरला ने अपने दूसरे गुरु श्री आर.पी. गुप्ता जी का भी विशेष तौर पर जिक्र किया. उन्होंने बताया कि श्री गुप्ता जी ने उन्हें हायर सेकेंडरी में पढ़ाया था. पढ़ाई के दौरान उन्होंने ओम बिरला को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. ओम बिरला के मुताबिक उनके जीवन और व्यक्तित्व के निर्माण में उनके गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. यही वजह है कि आज इतने बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी वह अपने शिक्षकों के योगदान को भूले नहीं हैं.
यह भी पढ़ें: हाईराइज बिल्डिंग की छत पर पहुंच गए डोगेश भाई, मुश्किल से हुआ रेस्क्यू
सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा वीडियो
ओम बिरला और उनके पुराने गुरुजनों की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग इस भावुक पल की तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि बड़ा पद मिलने के बाद भी अपने पुराने शिक्षकों को याद रखना और उनके सामने सम्मान के साथ सिर झुकाना अपने आप में बड़ी बात है. लोगों ने गुरु-शिष्य के इस रिश्ते को भारतीय संस्कारों की खूबसूरत मिसाल बताया. कुछ यूजर्स ने कहा कि शिक्षक भले ही छात्र से वर्षों बाद मिलें, लेकिन उनके द्वारा दिए गए संस्कार और सीख कभी पुरानी नहीं होती. वहीं कई लोगों ने ओम बिरला के इस अंदाज को शिक्षक दिवस का सबसे खूबसूरत संदेश बताया.
यह भी पढ़ें: गजब! मंत्री जी को माला पहनाते रहे नेता जी, गले से गायब हो गई सोने की चेन
