आपने गोभी के साथ ग्रीन ब्रोकली के बारे में तो सुना ही होगा, लेकिन क्या आपने बैंगनी ब्रोकली के बारे में सुना है? बैंगनी ब्रोकली सामान्य हरी ब्रोकली की तरह ही एक पौष्टिक सब्जी है. इसे आप आसानी से अपने किचन गार्डन में उगा सकते हैं. इसे उगाने के लिए ज्यादा बड़ी जगह की आवश्यकता नहीं होती. इसे कम जगह में जैसे छत पर और बालकनी में गमले में उगाया जा सकता है. आपको केवल सही मिट्टी, गमले का चुनाव और कुछ बातों का ख्याल रखना होता है. आइए जानते हैं कि घर पर बैंगनी ब्रोकली कैसे उगाते हैं.
बैंगनी ब्रोकली के अलग-अलग फूल होते हैं
बैंगनी ब्रोकली के लिए ठंडी जलवायु उपयुक्त मानी जाती है. इसे आमतौर पर सितंबर-नवंबर के महीने में उगाया जाता है. बैंगनी ब्रोकली में सामान्य ब्रोकली जैसा एक बड़ा फूल नहीं होता बल्कि इसमें छोटे-छोटे फूल होते हैं. यह सामान्य ब्रोकली से अधिक गुणों वाली होती है. यह पेट और पाचन के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है. साथ ही इसमें विटामिन सी, विटामिन ए और फाइबर की मात्रा अधिक होती है. इसे सलाद के रूप में खाना बेहद असरदार माना जाता है.
सही गमले का चुनाव
बैंगनी ब्रोकली उगाने के लिए कम से कम 12-14 इंच का गमला बेहतर होता है. गमले में पानी निकलने के लिए पर्याप्त छेद होना चाहिए. गमले में आप किसी भी बगीचे की सामान्य मिट्टी का उपयोग कर सकते हैं. हालांकि उसकी गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आप उसमें किसी ऑर्गेनिक खाद व गोबर का प्रयोग कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: गाजर, मटर और सरसों की करें बुआई, सर्दी आते ही शुरू हो जाएगी कमाई
ऐसे उगाएं बैंगनी ब्रोकली
बैंगनी ब्रोकली को उगाने के लिए उसके बीजों को आधा इंच गहराई में बोएं, ध्यान रहे कि बीजों को ज्यादा गहराई में न बोएं. बीजों को बोने के बाद नियमित तौर से सिंचाई करते रहें लेकिन गमले में पानी जमा न होने दें. ध्यान रहें कि बीजों के बीच पर्याप्त दूरी हो, जिससे उन्हें उगने में परेशानी न हो और उचित जगह मिलें. पौधे को 4-5 घंटे की नियमित धूप काफी होती है. ब्रोकली 70-80 दिनों में तैयार होने वाली सब्जी है. जब इसके फूल पूरी तरह विकसित हो जाएं और गहरे बैंगनी रंग के दिखने लगे, तब आप इसकी कटाई कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: किसान अपनाएं ये मार्केटिंग स्ट्रैटजी, मंडी के गिरते भावों का नहीं होगा असर
