- रितब्रत गुट ने ताहिर का समर्थन करते हुए ममता-अभिषेक को ललकारा।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता अबू ताहिर को पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी को बड़ा झटका दे दिया है. ताहिर ने नंदीग्राम सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखने के पक्ष में समर्थन देते हुए ममता बनर्जी को चुनौती दी है. उन्होंने सवाल उठाते हुए चुनौती दी कि जब साल 2021 में ममता बनर्जी ने इसी ट्रॉफी सीट से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, तो अब एक स्थानीय नेता इस सीट से चुनाव क्यों लड़े? उन्हें खुद नंदीग्राम लौटकर चुनाव लड़ना चाहिए.
जब TMC सत्ता में थी, तब ममता चुनाव लड़ने आई थी- ताहिर
अबू ताहिर के इस बयान ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) और ममता बनर्जी के लिए टेंशन बढ़ा दी है. उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन्हें नंदीग्राम से उपचुनाव लड़ने के लिए कहती है, तो वह इससे इनकार कर देंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने उन्हें कई सालों तक नजरअंदाज किया और अब उन्हें बलि का बकरा नहीं बनना है. उन्होंने कहा, ‘जब टीएमसी राज्य में सत्ता पर काबिज थी, तब वह यहां लड़ने आई थीं, तो अब मैं क्यों लड़ूं. उन्हें खुद आकर उपचुनाव लड़ना चाहिए.’
TMC के 15 सालों की सत्ता में मुझे क्या मिला- ताहिर
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अबू ताहिर ने कहा, ‘मैंने 2007 में एंटी-लैंड एक्विजिशन आंदोलन के दौरान वामपंथी मोर्चे की ताकत के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी, लेकिन पिछले 15 सालों तक टीएमसी के सत्ता में रहने के दौरान मुझे क्या मिला? उन 15 सालों के दौरान मुझे कभी टीएमसी का उम्मीदवार नहीं बनाया गया. मुझे अयोग्य समझा गया. फिर अब मुझे बलि का बकरा बनने के लिए क्यों चुना जाना चाहिए?’
ताहिर के बयान को रितब्रत बनर्जी के गुट ने जोरशोर से उठाया
रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी के बागी गुट के प्रवक्त रिजुआ दत्ता ने अबू ताहिर के आकलन का समर्थन करते हुए ममता बनर्जी गुट को सीधी चुनौती दी. उन्होंने कहा, ‘अबू ताहिर ठीक कह रहे हैं, उन्हें अब क्यों लड़ना चाहिए? अगर ममता बनर्जी खुद नंदीग्राम से चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं, तो उनके भतीजे और खुद को सब कुछ जानने वाला राजनेता मानने वाले अभिषेक बनर्जी को कम से कम चुनाव लड़ना चाहिए.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं ऑन रिकॉर्ड यह बात कह रहा है कि ममता बनर्जी के गुट को चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार तक नहीं मिलेगा, लेकिन हम ही असली तृणमूल कांग्रेस (TMC) हैं. हम चुनाव लड़ेंगे.’
क्यों हो रहा नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव?
दरअसल, इस साल 2026 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के अलावा ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर से भी चुनाव लड़ा था और उन्होंने दोनों ही सीटों पर अपनी जीत दर्ज की. इसके बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट को खाली कर दिया, जिसके नतीजतन उपचुनाव होने वाला है.
यह भी पढे़ंः ‘तुरंत लें चीमा का इस्तीफा, इससे कम कुछ नहीं’, संगरूर सुसाइड पर भड़के राहुल गांधी
