पंजाब के संगरूर में गुलजार सिंह की मौत के मामले को लेकर देश में राजनीति जोरों पर है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार को दलित विरोधी बताया और लोगों से सतर्क रहने को कहा. उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों और खासकर दलितों को AAP सरकार के द्वारा सत्ता के दुरुपयोग को लेकर सतर्क हो जाना चाहिए. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के एक्स हैंडल पर पोस्ट किया हुआ वीडियो भी शेयर किया जिसमें गुलजार सिंह की मां और पत्नी का बयान है.
तुरंत लें चीमा का इस्तीफा: राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मांग की है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तुरंत चीमा से इस्तीफा लें और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा, ‘जिंदगी में तो प्रताड़ना दी ही, मृत्यु में भी गुलजार सिंह जी का अपमान कर रहे हैं. शोकाकुल परिजन ही कह रहे हैं कि उनसे उनके पारंपरिक अंतिम संस्कार का हक तक छीन लिया गया. मैं फिर कह रहा हूं कि मुख्यमंत्री तत्काल वित्त मंत्री का इस्तीफा लें. FIR में उनका नाम दर्ज हो और पूरे मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो. इससे कम कुछ भी न्याय नहीं, खानापूर्ति है.’
पंजाब के लोगों, और खासकर दलितों को, AAP सरकार द्वारा सत्ता के दुरुपयोग को लेकर सतर्क हो जाना चाहिए।
गुलज़ार सिंह जी जो वाल्मीकि समुदाय से थे, उनपर उनके आखिरी दिनों में जो बीती है वो खुद उनके परिवार की, उनकी मां की, उनकी पत्नी की और उनके भाई की ज़ुबानी सुनिए।
जिंदगी में तो… https://t.co/j3DiW28OJz
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 9, 2026
शवों पर राजनीति न करें: भगवंत मान
इसके जवाब में सीएम भगवंत मान ने राहुल गांधी से कहा कि वह शवों पर राजनीति न करें. AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है. उन्होंने राज्य में नशे की समस्या के लिए पिछली शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस सरकारों को जिम्मेदार ठहराया. पंजाब के संगरूर जिले के दिड़बा निवासी 47 वर्षीय गुलजार सिंह की सोमवार रात कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई. उनके परिवार ने बताया कि उन्होंने छह सितंबर को दिड़बा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री हरपाल चीमा से इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर सवाल किया था.
AAP सरकार में खतरनाक पैटर्न: राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इससे पहले एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब में सरकारी नाकामी पर सवाल उठाने वालों को कथित तौर पर धमकी और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा, ‘पंजाब की AAP सरकार में एक खतरनाक पैटर्न दिख रहा है कि सरकार की नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और यातना से मिलेगा. अपने बेटे को नशे का शिकार बनते देखने वाले दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री से सिर्फ इतना पूछा कि सरकार ड्रग्स का कारोबार रोकने में इतनी बुरी तरह नाकाम क्यों है?’
