दिल्ली में बारिश के साथ मौसम का मिजाज बदला हुआ है. राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में शनिवार (12 सितंबर) को भी बारिश होने की संभावना जताई गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में बारिश का दौर 13 सितंबर तक जारी रहने की उम्मीद है. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है.
देश की राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में शुक्रवार (11 सितंबर) को तेज हवाएं चली. साथ ही कई जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई. जबकि शहर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा. दिन में मध्य दिल्ली समेत शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं शाम में भी कुछ हिस्सों में बारिश हुई.
दिल्ली में कहां कितनी बारिश हुई दर्ज
दिल्ली में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच सफरदजंग, पालम, लोधी रोड समेत अन्य हिस्सों में अच्छी बारिश हुई. कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई. रिज में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है.
- सफदरजंग में 1.5 मिमी बारिश दर्ज
- लोधी रोड में 2.2 मिमी बारिश दर्ज
- पालम में 4.2 मिमी बारिश दर्ज
- आयानगर में 10 मिमी बारिश दर्ज
- रिज में 10.6 मिमी बारिश दर्ज
आईएमडी ने बारिश को लेकर दी थी चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में पहले ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए चेतावनी दी थी कि कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. शहर में सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था. इसके साथ ही शाम 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 83 प्रतिशत दर्ज की गई.
दिल्ली में कहां कितना रहा तापमान?
आंकड़ों के मुताबिक पालम में पारे में मामूली गिरावट हुई. यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा, जबकि लोधी रोड में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है. रिज में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां पारा सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है. वहीं, आयानगर में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य है.
PG-होटल सुरक्षा पर हर्ष मल्होत्रा का हमला, कांग्रेस-AAP से पूछा हिसाब
