दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने जीत दर्ज की है. वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बाजी मारी है. सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की. इस तरह चार केंद्रीय पदों में ABVP के तीन उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया.
अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी करीबी रहा. ABVP के यश डबास को सबसे ज्यादा 24,576 वोट मिले. वहीं, NSUI के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट हासिल हुए. अनन्या रतूड़ी को 5,377, समीर कुमार को 1,015, अश्मित कुमार को 1,388, एजाज मंसूरी को 837 और समर्थ बेनीवाल को 819 वोट मिले. इस पद पर NOTA को 4,310 वोट पड़े. कुल 60,845 वोट डाले गए.
DUSU रिजल्ट: कौन हैं निर्दलीय दीपांशु शौकीन जिन्होंने ABVP और NSUI को पछाड़ा
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन जीते
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी जीत दर्ज की. उन्हें 30,615 वोट मिले. इशु मौर्य को 16,910 वोट मिले, जबकि वीर छत्रथ को 4,313 वोट हासिल हुए. अरन्या सिंह राठौड़ को 2,274 और अक्षत शिखर को 2,383 वोट मिले. NOTA के खाते में 4,359 वोट गए. इस पद पर कुल 60,854 वोट पड़े.
सचिव पद पर रिया छावड़ी के सिर जीत का ताज
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने जीत दर्ज की. उन्हें 21,650 वोट मिले. NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट हासिल हुए. पंकज कुमार को 7,639 और स्टैनजिन डेस्कयॉन्ग को 8,734 वोट मिले. वहीं, 7,884 छात्रों ने NOTA का विकल्प चुना. कुल 60,776 वोट पड़े.
संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP आगे
संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. निर्दलीय विशेष यादव को 15,778 और NSUI के गोपाल चौधरी को 15,206 वोट मिले. बी परिजात को 5,837 वोट मिले, जबकि NOTA को 7,389 वोट पड़े. इस पद पर कुल 60,825 वोट डाले गए.
18 सितंबर को हुआ था मतदान
DUSU चुनाव के लिए 18 सितंबर को मतदान हुआ था, जिसमें 40.46 प्रतिशत वोटिंग हुई. 19 सितंबर को दिल्ली यूनिवर्सिटी के खेल स्टेडियम स्थित मल्टीपर्पज हॉल में मतगणना हुई. वोटों की गिनती करीब 90 मिनट की देरी से शुरू हुई. चारों केंद्रीय पदों के नतीजे आने के साथ ही DUSU की नई टीम की तस्वीर साफ हो गई है. चुनाव में RSS समर्थित ABVP और कांग्रेस समर्थित NSUI के बीच मुख्य मुकाबला रहा.
